जिला प्रभारी मंत्री द्वारा ओवर हेड टैंक निरीक्षण मिलीं कई खामियां, जल निगम XEN के न आने पर जवाब तलब। पाइप लाइन के लिए खोदी गई सड़कों तत्काल दुरुस्त करने के दिए निर्देश।
शाहजहांपुर/तिलहर। पिछड़ा वर्ग कल्याण व दिव्यांग जन सशक्तिकरण मंत्री व जनपद के प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने जल मिशन योजनांतर्गत बनाए गए ओवर हेड टैंक का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया जिसमें कई कमियां पाई गई। उन्होंने जल निगम के XEN की अनुपस्थित पर सख्त नाराजगी जताई और जवाब तलब किए जाने के निर्देश दिए।
माननीय मंत्री श्री कश्यप रविवार दोपहर बारह बजे नगर पालिका हॉकी ग्राउंड पहुंचे और यहां बनाए गए 1875 के एल क्षमता बाले ओवर हेड टैंक का अवलोकन किया। टैंक की टेस्टिंग किए जाने के मंत्री के सवाल पर, जल निगम के अधिकारी बगलें झांकते नजर आए। उन्होंने लताड़ लगाते हुए, ओवर हेड टैंक को कंप्लीट कर टेस्टिंग किए जाने के निर्देश दिए। साथ ही नगर में जल मिशन योजना के तहत डाली गई पाइप लाइन के लिए खोदी गई सड़कों को अति शीघ्र दुरुस्त करने की भी सख्त हिदायत दी। 
ज्ञात हो कि जल मिशन योजना के अंतर्गत करीब 32 करोड़ रुपए की लागत से तिलहर नगर को बेहतर पेयजल आपूर्ति के मद्देनजर, नगर में तीन ओवर हेड टैंक के अलावा करीब 85 किलोमीटर पाइप लाइन डाले जाने का प्राविधान किया गया है, जिसमें पिछले दो सालों में अभी तक टैंक और पाइप लाइन का काम पूरा नहीं हो सका है। राजनपुर रोड स्थित ओवर हेड टैंक निर्माण की गति वेहद धीमी है, जबकि जलकर प्रांगण में भी टैंक निर्माण अभी पूरा नहीं हो सका है।
निरीक्षण के लिए हॉकी ग्राउंड स्थित ओवर हेड टैंक को आनन फानन में रंगाई पुताई कराकर फिलहाल तो दुरुस्त करा दिया गया लेकिन उसकी टेस्टिंग के लिए पानी भरे जाने पर टैंक में कई स्थानों पर, पानी का तेज रिसाव होता देखा गया है। इस मौके पर पहुंचे व्यापार मंडल अध्यक्ष सौरभ गुप्ता रवि ने मंत्री जी को अवगत कराया कि नगर की खोदी गई सड़कों बेहद दयनीय हालत में हैं, जिनपर आए दिन स्कूली बच्चों के रिक्शे हों या अन्य वाहन पलटने और लोगों के चोटिल होने का सिलसिला जारी है। इस पर मंत्री जी ने जल निगम अधिकारियों को त्वरित संज्ञान लेते हुए सड़के दुरुस्त किए जाने के निर्देश दिए।










