
बकरीद पर्व को लेकर गदागंज पुलिस का फ्लैग मार्च, ड्रोन कैमरों से रखी जाएगी अराजक तत्वों पर नजर
गदागंज/रायबरेली। आगामी बकरीद पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को गदागंज पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र के जलालपुर धई एवं धमधमा गांव में पैदल मार्च निकाला गया। पुलिस टीम ने ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को सुरक्षा का एहसास कराया तथा शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
थाना प्रभारी दयानंद तिवारी के नेतृत्व में निकाले गए इस फ्लैग मार्च में पुलिस बल के साथ गांवों की प्रमुख गलियों एवं संवेदनशील स्थानों पर पैदल गश्त की गई। इस दौरान थाना प्रभारी ने बताया कि बकरीद पर्व को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अराजक गतिविधि पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों का भी प्रयोग किया जाएगा, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत बनाई जा सके।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग आपसी भाईचारे और शांति के साथ त्योहार मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
फ्लैग मार्च में दरोगा मोहम्मद मुकरिम, वीरेंद्र यादव, अनिल शर्मा, विवेक सिंह, अजय पटेल, जसवंत सिंह, धर्मेंद्र, शैलेंद्र यादव, श्रीकांत, महिला कांस्टेबल अनामिका श्रीवास्तव सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।










