गुरुकुल महोत्सव के लिए तिलहर में निकली भव्य शोभायात्रा, बच्चों ने किया शक्ति प्रदर्शन।

तिलहर/शाहजहांपुर। श्री कन्या गुरुकुल रुद्रपुर में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय गुरुकुल महोत्सव को लेकर शनिवार को तिलहर नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। बैंड-बाजों और गुरुकुल के नन्हे-मुन्ने बच्चों के साथ निकली शोभायात्रा के माध्यम से नगरवासियों को महोत्सव में शामिल होने का आमंत्रण दिया गया।
शनिवार अपराह्न करीब दो बजे आर्य समाज मंदिर तिलहर से गुरुकुल संचालक आचार्य अनुभव आर्य के नेतृत्व में शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। शोभायात्रा में गुरुकुल की प्रधानाचार्या अंजली आर्या अपनी शिक्षिका टीम मुस्कान आर्य, रिंकी आर्य, नेहा और सुरभि आर्य के साथ बच्चों का नेतृत्व कर रही थीं। इस दौरान बच्चे ‘आर्य समाज अमर रहे’, ‘स्वामी दयानंद की जय’ और ‘जय श्रीराम’ के जयकारे लगाते हुए लोगों से गुरुकुल महोत्सव में पहुंचने की अपील कर रहे थे।
भगवा वस्त्र धारण किए और हाथों में ओम ध्वज लिए गुरुकुल के नन्हे-मुन्ने बच्चे आकर्षण का केंद्र रहे। शोभायात्रा में एक वाहन पर आचार्य द्वारा यज्ञ किया जा रहा था, जबकि आकर्षक झांकियों में आर्य संन्यासी और आर्य समाज के पदाधिकारी विराजमान रहे। इस दौरान गुरुकुल के ब्रह्मचारियों ने विभिन्न शारीरिक कौशलों का प्रदर्शन कर लोगों को आश्चर्यचकित कर दिया।
गुरुकुल संचालक आचार्य अनुभव आर्य ने बताया कि कन्या गुरुकुल रुद्रपुर में एक से तीन नवंबर तक तीन दिवसीय गुरुकुल महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। महोत्सव में आर्य जगत के मूर्धन्य विद्वानों, भजनोपदेशकों और राजनेताओं का आगमन होगा। एक नवंबर को राष्ट्र रक्षा सम्मेलन, हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई मतों पर चर्चा के साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
शोभायात्रा आर्य समाज मंदिर से शुरू होकर मोहल्ला कच्चा कटरा, पुराना रोडवेज, बाजार मौजमपुर, मेन चौराहा, निजामगंज, बारह पत्थर, बिरियागंज, बाजार पोटरगंज, सराफा बाजार और अस्पताल मार्ग होते हुए पुनः आर्य समाज मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई।
इस अवसर पर गुरुकुल की संरक्षक आचार्या श्री, प्रयागराज के राजेंद्र कपूर, उत्पल वापी, बाल योगी जितेंद्र, आयुष आर्य, आर्य समाज तिलहर के संरक्षक ओम शंकर आर्य, मंत्री लोकेश आर्य, रविंद्र आर्य, प्रबंधक दासीराम आर्य, रवि कुमार गुप्ता, जितेंद्र आर्य, औघड़ समाज के प्रमुख प्रमोद नाथ अघोड़ी, पवन गिरी, जयवीर पुरी बाबा, कौशल गिरी और बाबा रामदास सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।






