शाहजहांपुर परिवार परामर्श केंद्र में 20 मामलों की सुनवाई, एक दंपति में हुआ समझौता।
शाहजहांपुर, 1 जुलाई। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में मंगलवार को पुलिस लाइन स्थित परिवार परामर्श केंद्र में साप्ताहिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में कुल 20 पत्रावलियों पर सुनवाई की गई, जिनमें से एक दंपति को आपसी सहमति के बाद साथ रहने के लिए सकुशल विदा किया गया।
परिवार परामर्श केंद्र में थाना कोतवाली क्षेत्र के एक दंपति का मामला सामने आया। दोनों की शादी लगभग सात वर्ष पूर्व हुई थी तथा उनके तीन बच्चे हैं। पत्नी पिछले तीन माह से अपने मायके में रह रही थी। महिला का आरोप था कि उसका पति शराब के नशे में उसके साथ मारपीट करता था, जिसके कारण वह मायके चली गई थी।
सुनवाई के दौरान पत्नी ने पति के साथ रहने की इच्छा जताई, जबकि पति ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में शराब पीकर मारपीट न करने तथा पत्नी व बच्चों का भरण-पोषण करने का आश्वासन दिया। इसके बाद परिवार परामर्श केंद्र में दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराई गई और उन्हें समझाया गया। परामर्श के उपरांत दोनों ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया, जिसके बाद दंपति को सकुशल साथ भेज दिया गया।
इस अवसर पर परिवार परामर्श केंद्र की प्रभारी महिला उपनिरीक्षक श्रीमती मधु यादव, मुख्य आरक्षी चंद्रकांता शर्मा, महिला आरक्षी नेहा चौहान, शीतल चौहान, रश्मि चौधरी, निशा मिश्रा सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।










