
CRS NEWS: Iran-US war update: जहां मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बहुत बड़े सैन्य और मानवीय ऑपरेशन का एलान कर दिया है। इस ऑपरेशन का नाम दिया गया है- ‘प्रोजेक्ट फ्रीडम’।
ट्रंप ने ‘ट्रुथ सोशल’ पर जानकारी दी है कि दुनिया भर के कई देशों ने अमेरिका से मदद मांगी है। दरअसल, स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज में कई देशों के व्यापारिक जहाज फंसे हुए हैं, जिनका इस युद्ध से कोई लेना-देना नहीं है। अब अमेरिका इन जहाजों को अपनी सुरक्षा में वहाँ से बाहर निकालेगा।
वहीं ट्रंप ने साफ लफ्जों में कहा है कि: यह ऑपरेशन सोमवार सुबह से शुरू हो जाएगा।
इसे एक ‘ह्यूमैनिटेरियन जेस्चर’ यानी मानवीय पहल बताया गया है, क्योंकि जहाजों पर खाना और जरूरी सामान खत्म हो रहा है।
वहीं दूसरी तरफ ट्रंप ने खुली चेतावनी भी दी है कि अगर इस प्रक्रिया में किसी ने भी दखल दिया, तो अमेरिका उससे पूरी ताकत के साथ निपटेगा।
एक तरफ जहाँ ट्रंप ने ईरान के नए शांति प्रस्ताव को ‘अस्वीकार्य’ बताया है, वहीं दूसरी ओर उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिकी प्रतिनिधि ईरान के साथ लगातार संपर्क में हैं और चर्चा सकारात्मक दिशा में बढ़ रही है।
ईरान की ओर से भी प्रतिक्रिया आई है। तेहरान ने अमेरिका के सामने अपनी शर्तें रखी हैं, जिसमें प्रतिबंध हटाना, फ्रीज किए गए पैसों को वापस करना और क्षेत्र से अमेरिकी सेना की वापसी जैसे मुद्दे शामिल हैं।
अब देखना यह होगा कि ‘प्रोजेक्ट फ्रीडम’ के शुरू होने के बाद मिडिल ईस्ट की स्थिति क्या मोड़ लेती है। क्या यह तनाव कम करने की दिशा में एक कदम साबित होगा या टकराव और बढ़ेगा?










