बारिश के बीच शांति और भाईचारे के साथ निकला जुलूस-ए-मुहम्मदी, उमड़ा आस्था का सैलाब।




तिलहर/शाहजहांपुर। जनपद शाहजहांपुर में बुधवार को 12 वफात के अवसर पर जुलूस-ए-मुहम्मदी शांतिपूर्ण माहौल में निकाला गया। तिलहर नगर में निकले जुलूस में हजारों की संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए। जुलूस के दौरान जगह-जगह लंगर, मिष्ठान, फल और बिस्कुट वितरित किए गए तथा फूलों की वर्षा कर स्वागत किया गया। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल भी तैनात रहा।
तिलहर में सुबह करीब आठ बजे मोहल्ला कच्चा कटरा स्थित दरगाह हजरत शाह शमशुद्दीन मियां बड़ी मस्जिद के पीछे से सज्जादा नशीन इकबाल हुसैन उर्फ फूल मियां की सरपरस्ती में जुलूस शुरू हुआ। जुलूस आर्य समाज स्कूल के पास पहुंचा, जहां बड़ी संख्या में अकीदतमंद जमा हुए।
सुबह करीब नौ बजे जुलूस अस्पताल रोड होते हुए पुराना रोडवेज चौराहा पहुंचा। इसी दौरान मदरसा अंजुमन-ए-इस्लामिया से भी दूसरा जुलूस निकाला गया, जिसके मुख्य बाजार की ओर पहुंचने के कारण पहले जुलूस को कुछ समय के लिए चौराहे पर रोकना पड़ा।
आसमान में घने बादल छाए रहे और बारिश का माहौल बना रहा। इसके बावजूद अकीदतमंदों का उत्साह कम नहीं हुआ। बारिश के बीच भी लोग कतारबद्ध होकर जुलूस में शामिल रहे और नात-ए-पाक व कलाम पढ़ते हुए आगे बढ़ते रहे। जुलूस में धार्मिक नारों के साथ हुजूर की आमद पर खुशी का इजहार किया गया।
जुलूस कच्चा कटरा, अस्पताल रोड, मौजमपुर, मीरगंज, पक्का कटरा, दिलाजाक, चौहटिया बाजार, काकड़, नितगंजा, हिंदू पट्टी और घेरचोवा तिराहा होते हुए बड़ी मस्जिद के पीछे पहुंचकर समाप्त हुआ।
जुलूस के मार्ग में विभिन्न स्थानों पर लोगों ने अकीदतमंदों के लिए लंगर लगाया। कहीं मिष्ठान और फल बांटे गए तो कहीं बिस्कुट व अन्य खाद्य सामग्री वितरित की गई। कई स्थानों पर फूलों की वर्षा कर जुलूस का स्वागत किया गया।
पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई। जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने पर आयोजकों और पुलिस-प्रशासन ने सहयोग करने वाले लोगों का आभार जताया।







