
तूफानी आंधी के बाद 10 दिनों से अंधेरे में आजादपुर गांव, बिजली बहाली को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश
रायबरेली के गदागंज पावर हाउस क्षेत्र अंतर्गत आजादपुर मजरे सुठ्ठा हरदो गांव में पिछले लगभग 10 दिनों से ग्रामीण अंधेरे में जीवन बिताने को मजबूर हैं। बीते दिनों आई तेज तूफानी आंधी ने क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया, जिसके बाद से गांव में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है।
बिजली आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों को भीषण गर्मी और उमस में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। घरों में पेयजल संकट गहरा गया है, वहीं बच्चों की पढ़ाई और दैनिक कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार बिजली विभाग को सूचना देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
लगातार बिजली कटौती और मरम्मत कार्य में देरी को लेकर ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों ने प्रशासन और विभागीय अधिकारियों से जल्द से जल्द बिजली व्यवस्था दुरुस्त कर गांव की आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।
वहीं गदागंज के अवर अभियंता नितेश दुबे ने बताया कि तेज आंधी के कारण क्षेत्र में कई बिजली के खंभे टूट गए थे, जिसकी वजह से मरम्मत कार्य में समय लग रहा है। उन्होंने कहा कि अधिकतर गांवों की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है और आजादपुर गांव की व्यवस्था भी जल्द दुरुस्त कर दी जाएगी।










