
हरदोई – मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अन्तर्गत जनपद में आज दो स्थानों पर आयोजित भव्य कार्यक्रमों में कुल 255 जोड़ों का विवाह धूमधाम से सम्पन्न कराया गया।
जिला समाज कल्याण अधिकारी अवनीश कुमार यादव ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र गोपामऊ का कार्यक्रम एन०एस० रिसोर्ट एण्ड मैरिज लॉन, शाहाबाद तिराहा, पिहानी में आयोजित किया गया। इसमें विकास खण्ड पिहानी से 55, टड़ियावां से 53, नगर पिहानी से 04 तथा गोपामऊ से 06 कुल 118 जोड़े उपस्थित हुए।
इसी प्रकार विधानसभा क्षेत्र शाहाबाद का कार्यक्रम रॉयल मैरिज लॉन, शाहाबाद में आयोजित हुआ, जिसमें विकास खण्ड शाहाबाद से 64, टोडरपुर से 63 तथा नगर क्षेत्र शाहाबाद से 10 कुल 137 जोड़ों का विवाह सम्पन्न हुआ।
गोपामऊ कार्यक्रम में मा० विधायक श्याम प्रकाश, ब्लाक प्रमुख, चेयरमैन तथा नोडल अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं शाहाबाद कार्यक्रम में मा० राज्यमंत्री श्रीमती रजनी तिवारी, ब्लाक प्रमुख, चेयरमैन एवं नोडल अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए सुखमय वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं तथा आपसी प्रेम और सहयोग से जीवन व्यतीत करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर शासन की ओर से उपलब्ध कराई गई वैवाहिक सामग्री, उपहार एवं सहायता राशि भी जोड़ों को प्रदान की गई।
अतिथियों ने कहा कि यह योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है, जिससे बेटियों के विवाह में आर्थिक सहायता के साथ-साथ समाज में समरसता और समानता को भी बढ़ावा मिल रहा है। कार्यक्रम का आयोजन समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों के सहयोग से सफलतापूर्वक किया गया।







