चन्दोखा गौशाला में कमजोर गौवंश देख भड़के राज्य मंत्री, अधिकारियों को लगाई फटकार।

कई गौशालाओं का औचक निरीक्षण कर चारे-पानी, स्वास्थ्य और साफ-सफाई की व्यवस्थाओं का लिया जायजा।
शाहजहांपुर, 12 अगस्त। उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के सदस्य एवं दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री रमाकांत उपाध्याय ने बुधवार को शाहजहांपुर का सघन दौरा कर विभिन्न गौशालाओं का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने गौवंश के रख-रखाव, चारे-पानी, स्वास्थ्य सुविधाओं और साफ-सफाई की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अव्यवस्थाएं मिलने पर संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
राज्य मंत्री ने शाहजहांपुर सीमा में प्रवेश करने के बाद सबसे पहले कांट की गौशाला का निरीक्षण किया। इसके बाद वह मदनापुर ब्लॉक के ग्राम चन्दोखा स्थित गौशाला पहुंचे। यहां निरीक्षण के दौरान कई गौवंश शारीरिक रूप से कमजोर और कुपोषित स्थिति में दिखाई दिए। इस पर राज्य मंत्री ने नाराजगी जताते हुए मौके से ही खंड विकास अधिकारी और ग्राम प्रधान को फोन कर पर्याप्त मात्रा में हरा चारा, भूसा और पौष्टिक पशु आहार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि गौ सेवा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। व्यवस्थाओं में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
गौ-आधारित प्राकृतिक खेती की सराहना:-
इसके बाद राज्य मंत्री ग्राम ढका पहुंचे, जहां समाजसेवी राजवीर सिंह द्वारा संचालित गौशाला का निरीक्षण किया। यहां गौवंश की स्थिति संतोषजनक मिलने पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने राजवीर सिंह द्वारा किए जा रहे गौ-आधारित जैविक एवं प्राकृतिक खेती के प्रयासों को भी देखा और उसकी सराहना की।
राज्य मंत्री ने किसानों से रासायनिक खादों का प्रयोग कम कर गौ-आधारित प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के साथ ही किसानों और आमजन के स्वास्थ्य को भी लाभ मिल सकता है।
कटरा, तिलहर और निगोही की गौशालाओं का भी निरीक्षण:-
दौरे के अंतिम चरण में रमाकांत उपाध्याय ने कटरा, तिलहर और निगोही क्षेत्र की गौशालाओं का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गर्मी और बदलते मौसम को देखते हुए गौशालाओं में स्वच्छता, पर्याप्त पेयजल, छाया और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
शाहजहांपुर की प्रमुख गौशालाओं का निरीक्षण करने के बाद राज्य मंत्री पड़ोसी जनपद पीलीभीत के लिए रवाना हो गए।;निरीक्षण के दौरान मुख्य जिला पशु चिकित्सा अधिकारी एवं विभागीय टीम, संबंधित खंड विकास अधिकारी, ग्राम प्रधान और पुलिस बल के अलावा संघ के गौ सेवा कार्यकर्ता दिलीप शर्मा, संतोष कुमार और सजीव सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।






