तिलहर नगर भर में रात के समय तेज रफ्तार, मिट्टी खनन ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से लोग परेशान।
नवनिर्मित सड़क क्षतिग्रस्त होने का आरोप, सड़क पर मिट्टी गिरने से हादसे की आशंका; संभावित अवैध खनन की जांच की मांग।
तिलहर/शाहजहांपुर। नगर तिलहर के मोहल्ला निजामगंज, गैसरा रोड क्षेत्र में रात के समय ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की तेज रफ्तार आवाजाही से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। मोहल्लेवासियों ने पुलिस क्षेत्राधिकारी तिलहर को शिकायती पत्र देकर मामले में जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
शिकायती पत्र में बताया गया है कि गुनगुन मैरिज हॉल से गैसरा जाने वाली सड़क का निर्माण नगर पालिका परिषद तिलहर द्वारा हाल ही में कराया गया है। आरोप है कि रात करीब 11 बजे के बाद मिट्टी खनन एवं परिवहन में लगे ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली इस मार्ग से तेज गति से गुजरते हैं। इससे नवनिर्मित सड़क को नुकसान पहुंचने के साथ ही सड़क पर लगातार मिट्टी गिर रही है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक बारिश के दौरान सड़क पर पड़ी मिट्टी पानी के संपर्क में आने से अत्यधिक फिसलन पैदा कर देती है। इससे सुबह विद्यालय जाने वाले छोटे बच्चों और राहगीरों के फिसलकर घायल होने की आशंका बनी रहती है। वहीं, रात के समय तेज गति से गुजरने वाले भारी वाहनों से गंभीर दुर्घटना की आशंका भी जताई गई है।
मोहल्लेवासियों का कहना है कि क्षेत्र घनी आबादी वाला है और भारी वाहनों की तेज आवाजाही के कारण लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
शिकायतकर्ताओं ने पुलिस से मांग की है कि रात के समय तेज गति और ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के आवागमन पर प्रभावी रोक लगाई जाए। यदि मिट्टी का परिवहन वैध है तो वाहनों को सड़क के प्रारंभ में बने बाईपास मार्ग से जाने के लिए निर्देशित किया जाए।
इसके साथ ही संबंधित खननकर्ताओं के पास मिट्टी खनन एवं परिवहन की वैध अनुमति या परमिट है अथवा नहीं, इसकी संबंधित विभाग से जांच कराने की मांग की गई है। अवैध खनन या परिवहन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई, ओवरलोड एवं तेज गति से चलने वाले वाहनों पर कार्रवाई तथा सड़क पर गिरी मिट्टी हटवाकर मार्ग को सुरक्षित कराने की भी मांग की गई है।
नगर के मोहल्ला निजामगंज वासियों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर अनुरोध किया है उक्त मामले को गंभीरता से लेकर तथा स्थानीय नागरिकों एवं विशेषकर छोटे बच्चों की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए उक्त प्रकरण की तत्काल जाँच कर आवश्यक कार्रवाई करने की कृपा करें। पत्र में आशीष शर्मा (नामित सभासद, न०पा०परि० तिलहर, शाह०)वीरपाल सिंह, अशोक पंडित, ओमवीर सिंह, राजीव यादव (सभासद),श्रीपाल, महेन्द्र यादव, वीरेन्द्र पाल सिंह, मनोज कुमार आदि शामिल हैं।







