उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में, 24 अगस्त से नए भवन में शुरू होगा नगर निगम कार्यालय का संचालन।



शाहजहांपुर। ककरा स्थित निर्माणाधीन नगर निगम कार्यालय भवन में 24 अगस्त, सोमवार से नगर निगम के कार्यों का संचालन शुरू किया जाएगा। शुक्रवार को जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी के साथ भवन का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने भवन के धरातल और प्रथम तल पर बने विभिन्न कक्षों का निरीक्षण किया। दोनों तल के अधिकांश कक्षों का निर्माण कार्य लगभग पूर्ण पाया गया। जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त को निर्देश दिए कि 24 अगस्त से नए भवन में नगर निगम कार्यालय का संचालन प्रारंभ कराया जाए।
उन्होंने शाहजहांपुर विकास प्राधिकरण कार्यालय का संचालन भी इसी भवन से करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को नगर निगम और प्राधिकरण से संबंधित विभिन्न सेवाएं एक ही छत के नीचे मिल सकें। उन्होंने जनसुनवाई सहित अन्य आवश्यक कार्य भी नए भवन में शुरू कराने और अधिकारियों को नियमित रूप से कार्यालय में बैठकर जनसमस्याओं का निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण निर्माण समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अर्बन हाट और ऑडिटोरियम का निर्माण अक्टूबर माह तक पूरा कराने पर विशेष जोर दिया।
इसके अलावा जिलाधिकारी ने शहर में निर्माणाधीन नक्षत्रशाला, प्लैनोटोरियम और कार पार्किंग की प्रगति की भी जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को कार्य में तेजी लाकर परियोजनाओं को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्माणाधीन परियोजनाओं के समय से पूर्ण होने पर शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं मिलेंगी और शहरी विकास को भी गति मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त अजय कुमार त्रिपाठी, एसके सिंह, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा कार्यदायी संस्था के अभियंता मौजूद रहे।






