तिलहर में हत्या के मामले में दो और वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, लाठी-डंडे बरामद।
शाहजहांपुर/तिलहर। थाना तिलहर क्षेत्र के ग्राम सहवेगपुर में मारपीट के बाद हुई हत्या के मामले में पुलिस ने दो और वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो लाठी-डंडे भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 13 अगस्त 2026 को ग्राम सहवेगपुर निवासी सोनपाल पुत्र केदार ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि अभियुक्तों ने एक राय होकर उसके भाई सुरेंद्र पुत्र केदार के साथ गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी तथा लाठी-डंडों और बांके से मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। तहरीर के आधार पर थाना तिलहर में मु0अ0सं0 430/26 के तहत धारा 191(2), 191(3), 352, 351(3), 103(1), 3(5) बीएनएस में आठ नामजद अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने बताया कि मामले में वांछित अभियुक्त गोविंद पुत्र मेहरबान, वासुदेव पुत्र राजकुमार और सुखदेव पुत्र हरिश्चन्द्र को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
इसी क्रम में तिलहर पुलिस टीम ने शेष वांछित अभियुक्तों अमित पुत्र रामऔतार (करीब 22 वर्ष) तथा दिलीप कुमार पुत्र रामऔतार (करीब 20 वर्ष), निवासी ग्राम सहवेगपुर, थाना तिलहर, जनपद शाहजहांपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो लाठी-डंडे भी बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तारी की कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी तिलहर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक थाना तिलहर के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई।






