
उत्तर प्रदेश के दो शिक्षकों को मिली मानद डॉक्टरेट उपाधि
जीवन में किए जा रहे अच्छे कार्यों का फल ईश्वर अवश्य देता है। इस कहावत को चरितार्थ किया है उत्तर प्रदेश के जनपद रायबरेली के दो शिक्षकों विनीत श्रीवास्तव और प्रीति सक्सेना ने। बताते चलें कि मैजिक बुक ऑफ रिकॉर्ड एवं मैजिक एवं आर्ट विश्विद्यालय द्वारा शिक्षा एवं समाज सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों हेतु दोनों शिक्षकों को नई दिल्ली में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में मानद डॉक्टरेट उपाधि प्रदान की गई। मैजिक बुक ऑफ आर्ट विश्वविद्यालय द्वारा पूरे देश से कुल 50 शिक्षकों को इस उपाधि के लिए उनके द्वारा किए गए कार्यों के आधार पर चयनित किया गया था। कार्यक्रम में अपने कार्यों के प्रस्तुतीकरण में विनीत श्रीवास्तव ने नई शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत डिजिटल क्लास रूम की संकल्पना को ध्यान में रखकर इस क्षेत्र में किए जा रहे अपने प्रयासों एवं नशा मुक्ति उन्मूलन के लिए अपने कार्यों को बताया। प्रीति सक्सेना ने अपने प्रस्तुतीकरण में विज्ञान के क्षेत्र में किए गए नवाचारों तथा बालिका शिक्षा को सर्व सुलभ बनाने हेतु किए जा रहे प्रयासों को बताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अंतरराष्ट्रीय मैजिशियन डॉ सी पी यादव ने की।दोनों शिक्षकों की इस उपलब्धि पर जनपद के अधिकारियों और शिक्षकों ने बधाई दी।










