
हरदोई पिहानी क्षेत्र के भैंस्टा पुल पर सोमवार सुबह एक युवक की मोटरसाइकिल लावारिस हालत में मिलने से सनसनी फैल गई। बाइक की पहचान हरदोई शहर के बड़ा चौराहा निवासी चंद्र मोहन तिवारी उर्फ कपिल (पुत्र कृष्ण मुरारी तिवारी) के रूप में हुई है। युवक के सई नदी में जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और गोताखोरों की टीम नदी में उसकी तलाश में जुटी है।
परिजनों के अनुसार चंद्र मोहन रविवार को अपनी बहन के घर कुंवरपुर बसीट गया था। दोपहर करीब तीन बजे वह वहां से निकलकर दूसरी बहन के घर बरबर चला गया। शाम साढ़े पांच बजे वह बरबर से हरदोई के लिए निकला था। शाम सात बजे के आसपास उसे भैंस्टा पुल के पास दुकानों पर देखा गया था।
बताया गया कि इसके बाद युवक ने अपनी पत्नी को एक वीडियो भेजा था, जिसमें उसने परेशान होने और नदी में जाने की बात कही थी। वीडियो मिलने के बाद से परिजन लगातार उससे संपर्क करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया।
सोमवार सुबह राहगीरों ने भैंस्टा पुल पर एक बाइक खड़ी देखी और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कस्बा इंचार्ज राजेश सिंह और हलका इंचार्ज गौरव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर बाइक की शिनाख्त होने पर परिजनों को बुलाया गया। परिजनों ने बाइक की पहचान चंद्र मोहन की बाइक के रूप में की।
पुलिस ने तत्काल गोताखोरों को बुलाकर सई नदी में तलाश अभियान शुरू करा दिया। नदी के दोनों किनारों और आसपास के झाड़ियों में भी खोजबीन की जा रही है।
कस्बा इंचार्ज राजेश सिंह ने बताया कि युवक के नदी में जाने की आशंका है, लेकिन किसी ने उसे कूदते हुए प्रत्यक्ष रूप से नहीं देखा है। वीडियो के आधार पर तलाश की जा रही है। गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन जारी है, तलाश पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।







