विधान परिषद द्विवार्षिक चुनाव का कार्यक्रम घोषित, 23 अक्टूबर को मतदान।
लखनऊ, 22 सितंबर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के खण्ड स्नातक के पांच और खण्ड शिक्षक के छह निर्वाचन क्षेत्रों से निर्वाचित सदस्यों का कार्यकाल 6 दिसंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। इन रिक्तियों को भरने के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने उत्तर प्रदेश विधान परिषद द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 का कार्यक्रम घोषित कर दिया है।
उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि निर्वाचन की अधिसूचना 29 सितंबर 2026 को जारी की जाएगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर, नामांकन पत्रों की संवीक्षा 7 अक्टूबर तथा नाम वापसी की अंतिम तिथि 9 अक्टूबर निर्धारित की गई है।
उन्होंने बताया कि 23 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा। इसके बाद 27 अक्टूबर को मतगणना होगी और निर्वाचन प्रक्रिया 31 अक्टूबर 2026 से पहले पूरी कर ली जाएगी।
निर्वाचन के तहत लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ और इलाहाबाद-झांसी खण्ड स्नातक तथा लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, बरेली-मुरादाबाद और गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव होगा।
कार्यकाल पूरा करने वाले सदस्यों में खण्ड स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों से इंजी. अवनीश कुमार सिंह, आशुतोष सिन्हा, डॉ. मानवेन्द्र प्रताप सिंह ‘गुरु जी’, दिनेश कुमार गोयल और डॉ. मान सिंह यादव शामिल हैं। वहीं खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों से उमेश द्विवेदी, लाल बिहारी यादव, डॉ. आकाश अग्रवाल (वित्तविहीन), श्रीचन्द शर्मा, हरी सिंह ढिल्लो और ध्रुव कुमार त्रिपाठी का कार्यकाल समाप्त हो रहा है।
11 निर्वाचन क्षेत्रों में लागू हुई आचार संहिता
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विधान परिषद द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के मद्देनजर उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों में कानपुर नगर, कानपुर देहात और उन्नाव को छोड़कर आदर्श आचार संहिता के प्रावधान लागू हो गए हैं। आचार संहिता भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित संबंधित दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रभावी रहेगी।
निर्वाचन कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में चुनावी गतिविधियां तेज होने की संभावना है और प्रत्याशियों द्वारा नामांकन की तैयारियां शुरू की जाएंगी।






