बारिश के बीच रोजगार मेले में 28 युवाओं का चयन, 10 निजी कंपनियों ने लिया हिस्सा, 86 अभ्यर्थियों ने कराया पंजीकरण।
शाहजहांपुर। जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से 26 सितंबर को म्यूना, खुदागंज स्थित महाविद्यालय परिसर में एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। लगातार हो रही बारिश के बावजूद रोजगार के अवसर पाने के लिए बड़ी संख्या में युवा पहुंचे। मेले में निजी क्षेत्र की 10 कंपनियों ने प्रतिभाग कर विभिन्न पदों पर अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लिए।
रोजगार मेले में कुल 86 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें साक्षात्कार प्रक्रिया के बाद 28 अभ्यर्थियों का विभिन्न पदों के लिए चयन किया गया। रोजगार मेले में फ्लिप कार्ड, स्टार ग्रुप ऑफ मैन पावर सप्लाई, निमसन हर्बल प्राइवेट लिमिटेड, सार्क्स टैलेंट हायर सर्विसेज, केयर हेल्थ नर्सेस प्राइवेट लिमिटेड, जेपीवीएमजी प्राइवेट लिमिटेड और बूसा मैनेजमेंट सहित अन्य कंपनियों ने युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए।
आयोजन को सफल बनाने में महाविद्यालय के प्रबंधक वीरेंद्र कुमार, प्राचार्य डॉ. राजीव सक्सेना एवं स्टाफ का सहयोग रहा। जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से नवनीत शुक्ला, विश्वमोहन, राकेश चंद्र और गोपाल सिंह सहित कर्मचारी मौजूद रहे।






