उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस।


स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को किया गया सम्मानित, तिरंगा फहराकर दिलाई राष्ट्रीय एकता की शपथ।
शाहजहांपुर, 15 अगस्त। जनपद शाहजहांपुर में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे उत्साह, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने महात्मा गांधी, लाल बहादुर शास्त्री, नेताजी सुभाष चंद्र बोस सहित शहीदों एवं महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता और अखंडता की शपथ दिलाई। इस दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। जिलाधिकारी ने प्रतिभागी बच्चों को उपहार देकर सम्मानित किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि देश की आजादी स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। देश की सीमाएं सुरक्षित रहें, आर्थिक स्थिति मजबूत हो और प्रत्येक नागरिक अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करे, तभी देश निरंतर प्रगति कर सकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा देश की अर्थव्यवस्था को 5 ट्रिलियन डॉलर तथा मुख्यमंत्री द्वारा उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को 1 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इन लक्ष्यों को हासिल करने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।
जिलाधिकारी ने परमवीर चक्र विजेता नायक जदुनाथ सिंह की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
मुख्य कार्यक्रम में मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने किया ध्वजारोहण
स्वतंत्रता दिवस का मुख्य कार्यक्रम छावनी परिषद शहीद संग्रहालय, शाहजहांपुर कैंटोनमेंट में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। कार्यक्रम से पूर्व मंत्री ने जनप्रतिनिधियों के साथ काकोरी एक्शन के अमर नायकों पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह एवं अशफाक उल्ला खां की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी और राष्ट्रीय गीत का गायन किया। उन्होंने उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया।
अपने संबोधन में वित्त मंत्री ने 80वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और सीमाओं की रक्षा करने वाले वीर जवानों को नमन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत प्रत्येक क्षेत्र में तेजी से प्रगति कर रहा है और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है। तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, पेट्रोलियम क्षेत्र और अन्य क्षेत्रों में देश नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। किसानों की आय बढ़ाने के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील
वित्त मंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि युवा अपनी प्रतिभा और ऊर्जा का सकारात्मक दिशा में इस्तेमाल करें। नशे से दूर रहकर युवा अपनी प्रतिभा को निखारें और राष्ट्र निर्माण में योगदान दें। उन्होंने गरीब वर्ग के प्रतिभाशाली बच्चों के लिए निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग जैसी योजनाओं को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे उन्हें आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलेंगे।
उन्होंने कहा कि देश में लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए सभी नागरिकों को एकजुट होकर कार्य करना होगा। आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को हासिल करने में प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
पुलिसकर्मियों ने निकाली रैली
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन से आरक्षियों की रैली निकाली गई, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए खिरनीबाग स्थित रामलीला मैदान पहुंची। यहां शहीदों को सलामी दी गई। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह एवं पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने शहीदों को सलामी अर्पित की।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से माहौल को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया। अंत में जिलाधिकारी ने सभी अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन इंदु अजनबी ने किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार, सीईओ कैंटोनमेंट हर्षिता, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार, एसपीआरए दीक्षा भंवरे, नगर मजिस्ट्रेट रजनीकांत, जिला विद्यालय निरीक्षक हरवंश कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जयशंकर श्रीवास्तव, छावनी परिषद के अवधेश दीक्षित सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।







