
ऊंचाहार स्टेशन का डीआरएम ने किया निरीक्षण, अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत होगा विकास
रायबरेली: उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) अशोक वर्मा ने आज ऊंचाहार रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन की अवस्थाओं का जायजा लिया और मीडिया से बातचीत की।
डीआरएम वर्मा ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर में लगभग 1350 स्टेशनों का कायाकल्प किया जा रहा है, जिनमें लखनऊ मंडल के 40 स्टेशन शामिल हैं। ऊंचाहार स्टेशन भी इसी योजना का हिस्सा है।
उन्होंने बताया कि ऊंचाहार समेत चार ऐसे स्टेशन हैं जहाँ विकास कार्यों में कुछ देरी हो रही थी। इसका मुख्य कारण इन स्टेशनों पर डबलिंग (दोहरीकरण) और तीसरी लाइन का प्रस्तावित कार्य है। उन्होंने कहा, “यदि पहले निर्माण कार्य किया जाता और बाद में डबलिंग के कारण उसे तोड़ना पड़ता, तो यह संसाधनों की बर्बादी होती। इसी कारण निर्माण कार्य में संतुलन बनाए रखना ज़रूरी था।”
वंदे भारत ट्रेनों में पत्थरबाज़ी पर जताई चिंता
डीआरएम वर्मा ने वंदे भारत ट्रेनों पर हो रही पत्थरबाजी की घटनाओं पर चिंता जताई। उन्होंने बताया कि इन घटनाओं की RPF और GRP द्वारा जाँच की जा रही है। डीआरएम ने कहा कि ट्रैक पर भारी वस्तुएँ रखना या ट्रेनों पर पत्थर फेंकना गंभीर अपराध हैं।
उन्होंने बताया कि ऐसी घटनाओं में अक्सर शरारती तत्वों का हाथ होता है और इससे निपटने के लिए रेलवे द्वारा आस-पास के गाँवों और स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। वंदे भारत ट्रेनों में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से कई मामलों में पत्थर फेंकने वाले बच्चों की पहचान कर ली गई है, जिनके अभिभावकों को भी जागरूक किया जा रहा है।
डीआरएम ने आश्वासन दिया कि स्टेशन के विकास कार्य शीघ्र प्रारंभ होंगे और यात्रियों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँगी।








