
रिपोर्ट BY- फैसल
CRS पिहानी (हरदोई)। आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को कोतवाली पिहानी परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने शासन की गाइडलाइन का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए क्षेत्राधिकारी हरियावां अजीत सिंह ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों, सड़कों और खुले मैदानों में नमाज अदा करने की अनुमति नहीं होगी। सभी लोग निर्धारित ईदगाहों और मस्जिदों में ही नमाज अदा करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि खुले स्थानों पर कुर्बानी करने की अनुमति नहीं दी जाएगी और कुर्बानी केवल निजी अथवा निर्धारित स्थानों पर ही की जाए।
नायब तहसीलदार मोहम्मद अजीज अहमद ने कहा कि शासन द्वारा प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पूरी तरह प्रतिबंधित है। यदि कोई व्यक्ति नियमों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अधिशासी अधिकारी अमित कुमार सिंह ने लोगों से अपील की कि कुर्बानी के अवशेष खुले में न फेंके जाएं तथा साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने बताया कि नगर पंचायत की ओर से सफाई, पेयजल और कूड़ा निस्तारण की समुचित व्यवस्था कराई जाएगी।
कोतवाल छोटेलाल ने लोगों से त्योहार को आपसी भाईचारे और कानून व्यवस्था के दायरे में रहकर मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
बैठक में दोनों समुदायों के धर्मगुरु, जनप्रतिनिधि, संभ्रांत नागरिक और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस दौरान कस्बा इंचार्ज राजेश सिंह, हेड कांस्टेबल आनंद शुक्ला, प्रफुल्ल यादव, गर्वित, अब्दुल हादी समेत अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।










