
रिपोर्ट BY- फैसल
CRS NEWS हरदोई। पिहानी क्षेत्र में मंगलवार देर रात आई तेज आंधी और तूफान ने जमकर तबाही मचाई। आंधी के चलते कई गांवों में पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए, जिससे ग्रामीणों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई स्थानों पर मकानों को भी नुकसान पहुंचा है।
पिहानी विकासखंड की ग्राम पंचायत जमुही के मजरा लीलापुरवा में तेज आंधी के दौरान एक विशाल नीम का पेड़ गिरने से बड़ा हादसा हो गया। गांव निवासी राजेंद्र, रामदयाल व रजनीश कुमार उर्फ शेरू के मकान पर पास में खड़ा नीम का पेड़ अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिससे मकान की छत पूरी तरह ध्वस्त हो गई।
हादसे के समय रामदयाल का परिवार घर के अंदर सो रहा था। उनकी पत्नी रूबी देवी अपनी बेटियों शिवानी और सलोनी के साथ कमरे में मौजूद थीं। तेज धमाके के साथ छत गिरते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने किसी तरह मलबे के बीच फंसे लोगों को बाहर निकाला। गनीमत रही कि बड़ा हादसा टल गया, हालांकि परिवार का घरेलू सामान क्षतिग्रस्त हो गया।
ग्रामीणों के अनुसार आंधी इतनी तेज थी कि कई गांवों में पेड़ उखड़ गए और कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचा है। बिजली आपूर्ति भी घंटों बाधित रही। पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता व मुआवजे की मांग की है।
ग्रामीणों ने बताया कि हर वर्ष आंधी-तूफान में ऐसे हादसे होते हैं, लेकिन जर्जर और खतरनाक पेड़ों को हटाने की ओर ध्यान नहीं दिया जाता। लोगों ने प्रशासन से क्षति का सर्वे कराकर शीघ्र राहत दिलाने की मांग की है।
राजेंद्र के भांजे सुरजीत उर्फ रिंकू निवासी टडियावाको भी मलबे में दबने से गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया,। परिजनों का कहना है कि यह हादसा बेहद दर्दनाक है और वे प्रशासन से मुआवजे और बेहतर इलाज की व्यवस्था की अपील कर रहे हैं।










