शाहजहाँपुर में UPTET-2026 को लेकर पुलिस अलर्ट, एसपी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश।

शाहजहाँपुर, 1 जुलाई। आगामी 2, 3 और 4 जुलाई को आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए शाहजहाँपुर पुलिस ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में एसपी ने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी समय से अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर पूरी सतर्कता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी का निर्वहन करें। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश और निकास व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश भी दिए गए, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखने, अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने देने तथा संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए। साथ ही अफवाह फैलाने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के विरुद्ध तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।
यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष निर्देश जारी किए गए। परीक्षा अवधि में किसी भी मार्ग पर जाम की स्थिति न बनने, परीक्षा केंद्रों के आसपास अव्यवस्थित पार्किंग रोकने तथा परीक्षार्थियों के सुगम आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
एसपी ने सभी परीक्षा केंद्र प्रभारियों को परीक्षा शुरू होने से पहले केंद्रों का भौतिक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की जांच करने तथा केंद्र प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा महिला एवं दिव्यांग अभ्यर्थियों के प्रति सहयोगात्मक और संवेदनशील व्यवहार अपनाने की भी हिदायत दी गई।
शाहजहाँपुर पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि UPTET-2026 को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।










