फर्जी चरित्र प्रमाण पत्र लगा कर नगर पालिका से टेंडर हासिल किए जाने पर, ठेकेदार के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज।
तिलहर/शाहजहांपुर। नगरपालिका परिषद तिलहर में विभिन्न विकास कार्यों के लिए डाली गई ई-निविदाओं में कथित तौर पर फर्जी चरित्र प्रमाण पत्र लगाए जाने का मामला सामने आया है। तमाम जांच के बाद, जिलाधिकारी के आदेश पर, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी सुनील कुमार द्वारा थाना तिलहर में दी गई तहरीर के आधार पर संबंधित फर्म के प्रोपराइटर प्रदीप कुमार गुप्ता के खिलाफ पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
नगर पालिका की ओर से दी गई तहरीर के अनुसार वित्तीय वर्ष 2024-25 में पाइपलाइन लीकेज रिपेयरिंग सामग्री की आपूर्ति के लिए ऑनलाइन निविदाएं आमंत्रित की गई थीं। इसमें चार फर्मों ने प्रतिभाग किया था। इनमें मैसर्स मथुरा कन्स्ट्रक्शन के प्रोपराइटर प्रदीप कुमार गुप्ता ने भी आवश्यक अभिलेखों के साथ निविदा प्रस्तुत की थी।
इसके बाद वित्तीय वर्ष 2025-26 में वार्ड संख्या छह बहादुरगंज में मिट्टी भराव एवं नाली निर्माण, कम्युनिटी सेंटर के अवशेष निर्माण एवं बाउंड्रीवाल की मरम्मत, नगरपालिका के रिकॉर्ड रूम के जीर्णोद्धार, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज एवं विभिन्न प्राथमिक विद्यालयों के कायाकल्प तथा इंडिया मार्का हैंडपंपों के रीबोर सहित विभिन्न कार्यों के लिए ई-निविदाएं आमंत्रित की गईं।
तहरीर के मुताबिक इन कार्यों में भी उक्त फर्म ने प्रतिभाग किया और न्यूनतम दर होने के आधार पर निविदाएं स्वीकृत होने के बाद कार्य आवंटित किए गए।
तहरीर में बताया गया है कि वार्ड संख्या 11 मीरगंज के सभासद क्यूम खां ने जिलाधिकारी के समक्ष 20 जून 2026 को शिकायत प्रस्तुत कर आरोप लगाया था कि संबंधित फर्म द्वारा 30 मार्च 2026 से अब तक डाले गए टेंडरों में फर्जी एफडीआर और चरित्र प्रमाण पत्र लगाए गए हैं। शिकायत के बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर चरित्र प्रमाण पत्रों का सत्यापन कराया गया।
सत्यापन रिपोर्ट के आधार पर नगर पालिका की तहरीर में दावा किया गया है कि कुछ निविदाओं में लगाए गए चरित्र प्रमाण पत्र संख्या 420/एआरआर (च०प्र०प०), दिनांक 23 दिसंबर 2023 जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय शाहजहांपुर से जारी नहीं हुए थे। तहरीर के अनुसार वर्ष 2023 की चरित्र प्रमाण पत्र पंजिका में क्रमांक 416 तक ही प्रमाण पत्र जारी होना दर्ज है।
इसी तरह कुछ अन्य कार्यों में लगाए गए चरित्र प्रमाण पत्र संख्या 687/एआरआर (च०प्र०प०), दिनांक 16 जनवरी 2026 को भी जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय से निर्गत नहीं होना बताया गया है। तहरीर के मुताबिक वर्ष 2026 की पंजिका में 22 अगस्त 2026 तक क्रमांक 247 तक ही चरित्र प्रमाण पत्र जारी किए गए थे।
नगरपालिका ने बताया गंभीर आपराधिक कृत्य।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी ने तहरीर में आरोप लगाया है कि संबंधित फर्म के प्रोपराइटर द्वारा निविदा में अनुचित लाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से कथित रूप से कूटरचित चरित्र प्रमाण पत्र तैयार कर उन्हें असली दस्तावेज के रूप में इस्तेमाल किया गया। इसे गंभीर आपराधिक कृत्य बताते हुए पुलिस से उचित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर नियमानुसार कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया था।
तिलहर पुलिस ने सुनील कुमार अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका परिषद तिलहर की तहरीर के आधार पर फिलहाल प्रार्थमिक रिपोर्ट दर्ज कर ली है और अब संबंधित दस्तावेजों के आधार पर मामले की जांच एवं आगे की कार्रवाई जारी है। इस मामले में जब उक्त ठेकेदार से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो संपर्क नंबर बंद मिला।







