राष्ट्रीय लोक अदालत में बंदियों के हुनर की लगी प्रदर्शनी।

शाहजहांपुर। राष्ट्रीय लोक अदालत के अवसर पर शनिवार को जनपद न्यायालय परिसर में जिला कारागार के बंदियों द्वारा तैयार हस्तनिर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी-सह-विक्रय स्टॉल लगाई गई। इसका उद्घाटन जनपद एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण धर्मेंद्र कुमार पाण्डेय ने फीता काटकर किया।
प्रदर्शनी में बंदियों द्वारा तैयार पेंटिंग, बैग, गमले सहित विभिन्न उपयोगी व आकर्षक हस्तनिर्मित वस्तुएं प्रदर्शित की गईं। न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं और आम लोगों ने उत्पादों में रुचि दिखाते हुए बंदियों की कला और हुनर की सराहना की।
जनपद एवं सत्र न्यायाधीश ने कहा कि बंदियों को कौशल विकास से जोड़ना उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और समाज की मुख्यधारा में पुनर्स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है। इस तरह की गतिविधियों से बंदियों में सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और स्वावलंबन की भावना विकसित होती है।
इस दौरान जेल अधीक्षक जेपी तिवारी सहित न्यायिक अधिकारी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी, अधिवक्ता, कारागार अधिकारी-कर्मचारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।







