गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित किए जाने की मांग को लेकर भकृद पार्टी लगातार प्रतिबद्ध है
शाहजहांपुर। भारतीय कृषक दल के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय महासचिव प्रमोद यादव “जनसेवक” ने कहा है कि गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित किए जाने की मांग को लेकर उनकी पार्टी लगातार प्रतिबद्ध है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग राजनीतिक स्वार्थ के चलते गौमाता को राष्ट्रमाता के बजाय राष्ट्रीय पशु घोषित कराने का प्रयास कर रहे हैं, जिसे भारतीय कृषक दल सफल नहीं होने देगा।
पार्टी कार्यालय पर आयोजित बैठक में प्रमोद यादव ने परम पूज्य शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद जी महाराज के शाहजहांपुर आगमन का स्वागत करते हुए कहा कि गौ संरक्षण के लिए स्वामी जी द्वारा चलाया जा रहा अभियान देश के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि समाज को ऐसे प्रयासों के प्रति सजग रहने की आवश्यकता है।
प्रमोद यादव ने वर्ष 2013 में तहसील तिलहर के ग्राम सलेमपुर खुर्द में प्रस्तावित स्लॉटर हाउस का उल्लेख करते हुए दावा किया कि उस समय इसका विरोध करने वाले आंदोलन के विरोधी रहे लोगों का अब वास्तविक चेहरा सामने आ गया है। उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण के मुद्दे पर भारतीय कृषक दल शुरू से ही मुखर रहा है।
उन्होंने कहा कि भारतीय कृषक दल राष्ट्रीय अध्यक्ष सरोज दीक्षित के नेतृत्व में वर्ष 2012 से गंगा और गौमाता के संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उनका कहना था कि यदि उनकी पार्टी को सरकार बनाने का अवसर मिला तो पहली कैबिनेट बैठक में गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने का प्रस्ताव लाने का प्रयास किया जाएगा।










