उमेश हत्याकांड में तिलहर पुलिस का बड़ा एक्शन, चार वांछित आरोपी गिरफ्तार।
रंजिश में हत्या कर शव पेड़ पर लटकाने का आरोप, बाईपास पुल के पास पुलिस ने दबोचा।
तिलहर/शाहजहांपुर। थाना तिलहर क्षेत्र के ग्राम नवियापुर में हुई उमेश की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों पर रंजिश के चलते उमेश की हत्या कर शव को पेड़ पर लटकाने का आरोप है।
जानकारी के मुताबिक, 6 अगस्त 2026 को मृतक के भाई सर्वेश पुत्र रघुवीर प्रसाद निवासी ग्राम नवियापुर ने थाना तिलहर में तहरीर देकर हत्या का आरोप लगाया था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मु0अ0सं0 419/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
मामले में वांछित चल रहे राममूर्ति पुत्र भूपराम (65 वर्ष), सत्यभान पुत्र राममूर्ति (26 वर्ष), प्रेमचन्द्र पुत्र राममूर्ति (31 वर्ष) और देवेन्द्र पुत्र राममूर्ति (32 वर्ष) सभी निवासी ग्राम नवियापुर को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 9 अगस्त को दोपहर करीब 12:25 बजे शाहजहांपुर हाईवे रोड स्थित बाईपास पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार अभियुक्तों के संबंध में आवश्यक साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं। विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद सभी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।
कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक प्रिंस शर्मा के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल संजीव कुमार, कांस्टेबल अनिल कुमार, रिजर्व कांस्टेबल प्रशान्त कुमार और महिला कांस्टेबल प्रियंका शामिल रहीं। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद हत्या के मामले में नामजद अन्य आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर भी पुलिस की जांच जारी है।






