
टूटे विद्युत तार की चपेट में आने से भैंस व पढ़वा की मौत, गरीब किसान को करीब एक लाख रुपए का हुआ नुकसान
रायबरेली। गदागंज पावर हाउस क्षेत्र के पूरे गंगू मजरे हथकुई गांव में सोमवार को दर्दनाक हादसा हो गया। देर रात आई तेज आंधी के कारण टूटकर जमीन पर गिरे 11 हजार केवी विद्युत तार की चपेट में आने से चरने गए एक भैंस और एक पढ़वा की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में गरीब किसान को करीब एक लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।
पूरे गंगू मजरे हथकुई निवासी अनिल कुमार पुत्र मोहन लाल ने बताया कि सोमवार को दोपहर लगभग तीन बजे उनकी भैंस और एक पढ़वा जंगल की ओर चरने गए थे। इसी दौरान रात में आंधी से टूटकर गिरे 11 हजार केवी विद्युत तार की चपेट में दोनों मवेशी आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही गदागंज विद्युत विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और टूटे हुए विद्युत तार को दुरुस्त कर विद्युत आपूर्ति बहाल की। किसान ने बताया कि मृत भैंस और पढ़वा की कीमत लगभग एक लाख रुपये थी। उन्होंने कहा कि वह एक गरीब किसान हैं और भैंस के दूध से होने वाली आय ही उनके परिवार के भरण-पोषण का मुख्य साधन थी। इस घटना से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन एवं विद्युत विभाग से पीड़ित किसान को शीघ्र उचित मुआवजा देने की मांग की है।










