CMO कार्यालय परिसर स्थित इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी जिला शाखा में आजीवन सदस्यता पहचान-पत्र वितरण अभियान का शुभारंभ।

शाहजहांपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर स्थित इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, जिला शाखा कार्यालय में स्थानीय स्तर पर तैयार किए गए आजीवन सदस्यता पहचान-पत्रों के वितरण अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जनपद के प्रख्यात होम्योपैथिक चिकित्सक एवं समाजसेवी डॉ. रवि मोहन तथा डॉ. संगीता मोहन ने अपने तथा परिवार के सदस्यों पुत्र कार्तिक मोहन एवं पुत्री वर्तिका मोहन के आजीवन सदस्यता पहचान-पत्र प्राप्त किए तथा बच्चों को भी रेड क्रॉस की आजीवन सदस्यता दिलाकर मानव सेवा के इस पुनीत अभियान से जोड़ा। शुभारम्भ से पूर्व डॉ रवि मोहन तथा डॉ संगीता मोहन ने पुष्पांजलि अर्पित कर इसके पश्चात् रेड क्रॉस के जिला सचिव डॉ. विजय जौहरी ने रेडक्रॉस का मैडल पहनाकर तथा बैच लगाकर उनका स्वागत किया।
डॉ. रवी मोहन ने कहा कि इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी जाति,धर्म,वर्ग एवं किसी भी प्रकार के भेदभाव से ऊपर उठकर निस्वार्थ भाव से मानवता की सेवा करने वाला विश्व का अग्रणी मानवीय संगठन है। उन्होंने जनपद के प्रतिष्ठित परिवारों से रेड क्रॉस की सदस्यता ग्रहण कर सेवा कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। डॉ. संगीता मोहन ने कहा कि सफेद पृष्ठभूमि पर अंकित लाल क्रॉस का चिन्ह मानवता, चिकित्सा सहायता, राहत एवं निःस्वार्थ सेवा का वैश्विक प्रतीक है। उन्होंने कहा कि रेड क्रॉस के सात मूल सिद्धांत—मानवता, निष्पक्षता, तटस्थता, स्वतंत्रता, स्वैच्छिक सेवा, एकता एवं सार्वभौमिकता—समाज को सेवा, सहयोग और सद्भाव का संदेश देते हैं।
रेड क्रॉस के जिला सचिव डॉ. विजय जौहरी ने कहा कि डॉ. रवि मोहन एवं डॉ. संगीता मोहन जनपद के प्रतिष्ठित चिकित्सक एवं समाजसेवी हैं उनके द्वारा अपने पूरे परिवार सहित इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी की आजीवन सदस्यता ग्रहण करना मानव सेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रेरणादायी उदाहरण है। उन्होंने बताया कि जनपद के अनेक प्रतिष्ठित परिवार, जिनमें उनका अपना परिवार भी पूर्व से ही रेड क्रॉस का आजीवन सदस्य है, परिवार सहित इस मानवीय अभियान से जुड़े हुए हैं। ऐसे परिवार समाज में सेवा, सहयोग और मानवता की भावना को सशक्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं तथा अन्य लोगों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। यह जनपद में सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व और मानवता के प्रति बढ़ती जागरूकता का प्रेरणादायी उदाहरण है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे परिवारों की सहभागिता से रेड क्रॉस की जनसेवा गतिविधियों को और अधिक मजबूती मिलेगी। डॉ. रवि मोहन एवं डॉ. संगीता मोहन ने रेड क्रॉस के जिला सचिव डॉ. विजय जौहरी के समर्पित एवं अथक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जिलाधिकारी के नेतृत्व में जनपद की रेड क्रॉस सोसाइटी ने सेवा, राहत एवं आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में उल्लेखनीय पहचान स्थापित की है तथा जरूरतमंदों की सेवा में निरंतर अग्रणी भूमिका निभा रही है।
रेड क्रॉस के जिला सचिव डॉ. विजय जोहरी जनपद के सभी आजीवन सदस्यों से अपील की कि वे अपनी सदस्यता रसीद, आधार कार्ड, पासपोर्ट आकार का फोटो एवं मोबाइल नंबर के साथ जिला शाखा कार्यालय में संपर्क कर अपना आजीवन सदस्यता पहचान-पत्र शीघ्र प्राप्त करें।
इस अवसर पर मुरारी दीक्षित एवं ऊॅं दिव्यांगजन कल्याण समिति के बालकृष्ण पांडेय,बृजेश गुप्ता चन्द्रसेन वर्मा,रवि बाबू,रामकुमार सक्सेना,अशोक अग्रवाल, मुनीश कुमार वर्मा, शिवसरन सिंह, रमा देवी शीला देवी, राजीव राठौर,इमरान खान, अवनीश सक्सेना आदि मौजूद थेअंत में रेड क्रॉस सचिव ने सभी का आभार प्रकट करते हुए मानव सेवा में सभी से सहयोगी भूमिका की अपेक्षा की।











