वन महोत्सव के चतुर्थ दिवस जनपदभर में हरित उत्सव, वृक्षारोपण के साथ वितरित किए गए आम के पौधे।
शाहजहांपुर। प्रभागीय वनाधिकारी सचिन कुमार एवं उप प्रभागीय वनाधिकारी डॉ. सुशील कुमार के निर्देशन में वन महोत्सव (1 से 7 जुलाई) के चतुर्थ दिवस पर जनपद के विभिन्न वन क्षेत्रों एवं ग्राम पंचायतों में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण, जनजागरूकता कार्यक्रम तथा आम भण्डारा के अंतर्गत आम के पौधों का वितरण किया गया। कार्यक्रमों का उद्देश्य जनसहभागिता के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण में वृद्धि तथा पौधों के संरक्षण के प्रति समाज को जागरूक करना रहा। सदर रेंज की नबदिया बंकी बीट में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों को वृक्षों के पर्यावरणीय, सामाजिक एवं आर्थिक महत्व
से अवगत कराते हुए रोपित पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान लुहिची श्री रामप्रसाद, वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की।
इसी क्रम में तिलहर रेंज की ऐठापुर बीट स्थित प्राथमिक विद्यालय, ग्राम ऐठापुर में ग्राम प्रधान श्री जगपाल एवं ग्रामीणों द्वारा वृक्षारोपण कर वन महोत्सव मनाया गया। वहीं जलालाबाद रेंज की मिर्जापुर बीट के ग्राम जरियनपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में ग्राम प्रधान श्री देवेन्द्र सिंह यादव के नेतृत्व में ग्रामीणों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। जलालाबाद रेंज की मदनापुर बीट के ग्राम कुद्दैया में कटरा-फर्रुखाबाद मार्ग पर कुद्दैया से अतिबरा तक विशेष वृक्षारोपण अभियान चलाया गया।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान श्री सर्वेश कुमार एवं ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में पौधे रोपे। साथ ही क्षेत्रीय वनाधिकारी, जलालाबाद द्वारा आम भण्डारा कार्यक्रम के अंतर्गत आम के पौधों का वितरण कर लोगों को फलदार वृक्ष लगाने एवं उनके संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया। वन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि वन महोत्सव केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि रोपे गए प्रत्येक पौधे का संरक्षण ही इस अभियान की वास्तविक सफलता है। उन्होंने जनपदवासियों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, उनकी नियमित देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की अपील की।











