एनडीआरएफ ने छात्राओं को सिखाए आपदा प्रबंधन और प्राथमिक उपचार के गुर।

शाहजहांपुर, 11 अगस्त। मानसून पूर्व तैनाती के तहत हनुमतधाम आश्रय भवन में तैनात 8वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीम द्वारा जनजागरूकता एवं सामुदायिक क्षमता निर्माण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को श्री चित्रगुप्त महिला विद्यालय जूनियर हाई स्कूल, केरूगंज, सदर में आपदा प्रबंधन एवं जीवनरक्षक प्राथमिक उपचार को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
एएसआई धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती शोभा गौतम की मौजूदगी में छात्राओं एवं विद्यालय स्टाफ को आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित एवं प्रभावी ढंग से प्रतिक्रिया करने के लिए जरूरी जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान एनडीआरएफ टीम ने रक्तस्राव को नियंत्रित करने, स्प्लिंटिंग, सीपीआर, श्वासनली में अवरोध होने पर प्राथमिक सहायता, आपातकालीन एवं गैर-आपातकालीन निकासी सहित विभिन्न आपदाओं के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया।
टीम ने विभिन्न जीवनरक्षक तकनीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया। इसके माध्यम से विद्यार्थियों और शिक्षकों को आपदा अथवा किसी आकस्मिक स्थिति में स्वयं के साथ-साथ दूसरों की सहायता करने के महत्वपूर्ण तरीके सिखाए गए।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतिभागियों ने एनडीआरएफ टीम द्वारा दिए गए प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
एनडीआरएफ की ओर से बताया गया कि ऐसे जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों का उद्देश्य आमजन, विशेषकर विद्यार्थियों और युवाओं को आपदा के प्रति जागरूक, सक्षम एवं आत्मनिर्भर बनाना है।






