शराब के नशे में पत्नी से मारपीट और गाली-गलौज करता था पति, परिवार परामर्श केंद्र ने कराया समझौता।
25 मामलों की हुई सुनवाई, समझौते के बाद दंपति को साथ भेजा।
शाहजहांपुर। शराब के नशे में पत्नी के साथ मारपीट और गाली-गलौज करने वाले पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद को परिवार परामर्श केंद्र ने आपसी बातचीत के जरिए सुलझा दिया। मंगलवार को पुलिस लाइन स्थित परिवार परामर्श केंद्र में आयोजित सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों की काउंसलिंग कराई गई। पति ने भविष्य में पत्नी के साथ मारपीट न करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद दोनों ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया।
पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर के निर्देशन में आयोजित परिवार परामर्श केंद्र में कुल 25 पत्रावलियों पर सुनवाई की गई। इनमें थाना कोतवाली क्षेत्र के एक दंपति का मामला भी शामिल था। दोनों की शादी करीब 13 वर्ष पूर्व हुई थी और उनके दो बच्चे हैं।
आवेदिका ने शिकायत में बताया था कि उसका पति घर का खर्च नहीं देता तथा शराब के नशे में उसके साथ मारपीट और बिना वजह गाली-गलौज करता है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। परिवार परामर्श केंद्र में दोनों पक्षों को बुलाकर उनकी बात सुनी गई और आपसी मतभेद दूर करने के लिए समझाया गया।
परामर्श के बाद पति ने पत्नी के साथ मारपीट नहीं करने का आश्वासन दिया। दोनों पक्षों की सहमति से समझौता होने पर परिवार परामर्श केंद्र की टीम ने दंपति को सकुशल साथ विदा कर दिया। इस दौरान महिला परामर्शदाता हिमांशु श्रीवास्तव, परामर्शदाता शशि प्रभा, महिला आरक्षी शीतल चौहान, पिंकी, रश्मि चौधरी और नेहा चौहान मौजूद रहीं।






