जश्न-ए-आज़ादी के मौके पर मदरसा नुरुल हुदा में देशभक्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम।

शाहजहांपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बिजलीपुरा स्थित मदरसा नुरुल हुदा में देशभक्ति और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य इकबाल हुसैन उर्फ फूल मियां ने ध्वजारोहण कर किया। इसके बाद विद्यार्थियों एवं अतिथियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाकर देश की एकता, अखंडता और स्वतंत्रता के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
कार्यक्रम में मदरसे के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने “तू कुजा मन कुजा”, “सारे जहां से अच्छा हिंदुस्तान हमारा” और “लब पे आती है दुआ बनके तमन्ना मेरी” सहित देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों पर अतिथियों और अभिभावकों ने तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भोर फाउंडेशन की अध्यक्ष एवं समाजसेविका स्वाति सिंह रहीं। विशिष्ट अतिथियों में काजल यादव, अधिवक्ता शाहरुख खान, अजय अवस्थी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि मदरसा नुरुल हुदा के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। बच्चों ने जिस आत्मविश्वास, अनुशासन और उत्साह के साथ प्रस्तुतियां दीं, वह सराहनीय है।
मुख्य अतिथि स्वाति सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें उन महान स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के त्याग एवं बलिदान की याद दिलाता है, जिनके संघर्ष से देश को आजादी मिली। उन्होंने विद्यार्थियों से देश की एकता, भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करने तथा मन लगाकर शिक्षा प्राप्त कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
प्रधानाचार्य इकबाल हुसैन उर्फ फूल मियां ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मदरसा नुरुल हुदा में आधुनिक शिक्षा के साथ विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन, देशभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बच्चों की शानदार प्रस्तुतियां इसी प्रयास का प्रमाण हैं।
इस अवसर पर समाजसेवियों एवं पत्रकारों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अजय अवस्थी, फैसल फैज, इमरान सागर, अंजू, दिलशा इकबाल, अधिवक्ता शाहरुख खान, अनुराग मिश्रा, अजहर अली, संजय श्रीवास्तव, काजल यादव, अर्शिया न अर्श, तबस्सुम हुसैन सहित अन्य लोग मौजूद रहे।







