रिजर्व पुलिस लाइन में धूमधाम से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस, 10 पुलिसकर्मी सम्मानित।




शाहजहांपुर, 15 अगस्त। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन शाहजहांपुर में गरिमापूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रगान गाया तथा राष्ट्र और संविधान के प्रति निष्ठा, कर्तव्यपरायणता एवं जनसेवा की भावना के साथ दायित्वों का निर्वहन करने की शपथ ली।
इस अवसर पर उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले 10 पुलिसकर्मियों को पदक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इनमें आरक्षी अखिलेश कुमार को भारतीय साइबर क्राइम समन्वय केंद्र (I4C), नई दिल्ली में नियुक्ति के लिए पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश का रजत प्रशंसा चिन्ह प्रदान किया गया। वहीं सर्विलांस सेल के आरक्षी मुकुल खोखर और एसओजी के आरक्षी विशाल चौधरी को भी पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश का रजत प्रशंसा चिन्ह मिला।
इसके अलावा यूपी-112/पीआरवी-1344 में उत्कृष्ट कार्य के लिए आरक्षी हेमराज सिंह, महिला आरक्षी सावित्री देवी, महिला आरक्षी आरती साहू और मुख्य आरक्षी रविन्द्र कुमार को सम्मानित किया गया। पीआरवी-1343 में बेहतर रिस्पॉन्स टाइम के लिए मुख्य आरक्षी त्रिवेन्द्र, होमगार्ड मनीष कुमार गुप्ता तथा होमगार्ड रवि कुमार को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने सम्मानित पुलिसकर्मियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके कार्य की सराहना की। उन्होंने अन्य पुलिसकर्मियों को भी कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी गईं तथा मिष्ठान का वितरण किया गया। इसके बाद पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छ वातावरण का संदेश देते हुए पुलिस लाइन परिसर में वृक्षारोपण किया गया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर, प्रतिसार निरीक्षक सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने राष्ट्रीय पर्व को उत्साह, गरिमा और देशभक्ति की भावना के साथ मनाते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संविधान के मूल्यों की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।







