
CRS NEWS रायबरेली– केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता नितिन गडकरी ने एक महत्वपूर्ण बयान देते हुए भाजपा में अन्य दलों से आने वाले नेताओं के समायोजन और प्रशिक्षण पर जोर दिया। गडकरी ने अपने बेबाक अंदाज में पार्टी के तेजी से विस्तार और इससे जुड़ी चुनौतियों की चर्चा करते हुए कहा कि पार्टी में आने वाले नए नेताओं को भाजपा की विचारधारा और संस्कृति से अवगत कराना आवश्यक है। उन्होंने पार्टी में बढ़ती चुनौतियों को फसल में बीमारियों से जोड़ते हुए कहा कि इनसे निपटने के लिए ‘कीटनाशक का छिड़काव’ जरूरी है।
गडकरी ने कहा, “भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है, और अन्य दलों से आए नेताओं को पार्टी की संस्कृति और कार्यप्रणाली से जोड़ना हमारी जिम्मेदारी है। पार्टी का तेजी से विस्तार हो रहा है, लेकिन इस प्रक्रिया में कुछ नए सदस्य पार्टी की विचारधारा से मेल नहीं खाते, जिन पर ध्यान देना आवश्यक है।”
उन्होंने महाराष्ट्र में आगामी चुनावों को लेकर वर्धा में एक रैली में कहा, “जब फसल बढ़ती है तो बीमारियां भी आती हैं। भाजपा के कई कार्यकर्ता बेहतरीन योगदान दे रहे हैं, लेकिन कुछ सदस्य नकारात्मकता और विभाजन की समस्याएं ला सकते हैं, जिससे बचने के लिए हमें सावधान रहना होगा।”
गडकरी ने इस दौरान कांग्रेस पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि यदि कांग्रेस ने ग्रामीण भारत के विकास को प्राथमिकता दी होती, तो आज किसानों को आत्महत्या नहीं करनी पड़ती और गांवों में गरीबी कम होती। उन्होंने कांग्रेस पर संविधान संशोधन के मुद्दे पर भी आरोप लगाया और कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर ही यहां तक पहुंची है।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 20 नवंबर को होगा, जिसमें सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन और विपक्षी महाविकास अघाड़ी के बीच कड़ा मुकाबला होने की उम्मीद है।









