
CRS NEWS: थाना गदागंज क्षेत्र के खत्री भीट गांव में स्वच्छता व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। गांव की नालियों की लंबे समय से सफाई न होने के कारण हालात बद से बदतर हो चुके हैं। जगह-जगह नालियां जाम हैं, जिनका गंदा पानी सड़कों और घरों के सामने बह रहा है। इससे गांव में दुर्गंध फैल रही है और संक्रामक बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम प्रधान ऋषि प्रसाद गोड़ द्वारा संबंधित विभागों को कई बार समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन इसके बावजूद आज तक न तो कोई सफाई कर्मी गांव पहुंचा और न ही नालियों की सफाई कराई गई। यह स्थिति सीधे तौर पर प्रशासनिक लापरवाही और जिम्मेदारों की उदासीनता को उजागर करती है।
ग्रामीणों में इस बात को लेकर गहरा आक्रोश है कि एक ओर प्रदेश सरकार स्वच्छता अभियान को लेकर बड़े-बड़े दावे कर रही है, वहीं दूसरी ओर जमीनी हकीकत इन दावों की पोल खोल रही है। गंदगी के कारण बच्चों और बुजुर्गों में बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है, जिससे गांववासियों में भय और नाराजगी दोनों व्याप्त हैं।
गांववासियों ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे साफ है कि जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर समस्या को नजरअंदाज कर रहे हैं। मौजूदा हालात जन-स्वास्थ्य के साथ खुला खिलवाड़ हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से कड़े शब्दों में मांग की है कि खत्री भीट गांव में तत्काल नालियों की सफाई कराई जाए, लापरवाह अधिकारियों व कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाए और भविष्य में ऐसी अनदेखी दोहराई न जाए। यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।










