
CRS NEWS: रायबरेली जनपद में तीन माह पूर्व हुए हरिओम वाल्मीकि हत्याकांड में पुलिस को एक और अहम सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी अजीत सिंह उर्फ कुलदीप सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस गिरफ्तारी के साथ ही मामले में अब तक कुल 19 आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है।
गौरतलब है कि एक अक्टूबर 2025 की रात फतेहपुर जनपद निवासी हरिओम वाल्मीकि ऊंचाहार क्षेत्र के अमिलिया पुरवा गांव स्थित अपनी ससुराल जा रहे थे। इसी दौरान डाड़ेपुर गांव के पास कुछ ग्रामीणों ने उन्हें चोर समझ लिया और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीट दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। अगले दिन दो अक्टूबर की सुबह उनका शव ईश्वरदासपुर रेलवे स्टेशन के पास नहर किनारे मिला था।
मृतक के पिता गंगादीन की तहरीर पर पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने और उसमें मृतक द्वारा जिले के सांसद का नाम लिए जाने के बाद यह मामला चर्चा में आ गया। इसके बाद पुलिस ने वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर लगातार कार्रवाई की।
पुलिस द्वारा की गई ताबड़तोड़ गिरफ्तारियों में पहले ही 18 आरोपियों को जेल भेजा जा चुका था, जबकि डाड़ेपुर निवासी अजीत सिंह उर्फ कुलदीप सिंह घटना के बाद से फरार चल रहा था। गिरफ्तारी न होने पर पुलिस अधीक्षक द्वारा उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सवैया तिराहा के पास से आरोपी को धर दबोचा। कोतवाली प्रभारी अजय कुमार राय ने बताया कि हरिओम वाल्मीकि हत्याकांड के वांछित इनामी आरोपी की गिरफ्तारी कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।










