
CRS NEWS : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि उत्तर प्रदेश आज देश ही नहीं, बल्कि वैश्विक निवेशकों के लिए सबसे सुरक्षित, भरोसेमंद और तेजी से आगे बढ़ने वाला राज्य बन चुका है। बेहतर कानून व्यवस्था, विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर और पारदर्शी प्रशासन के चलते यह समय यूपी में निवेश का गोल्डन टाइम है।
रविवार को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने औद्योगिक इकाइयों और एक मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए चार प्रमुख संस्थाओं को भूमि आवंटन पत्र सौंपे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बीते साढ़े आठ वर्षों में प्रदेश ने अभूतपूर्व औद्योगिक परिवर्तन देखा है। ‘उद्योग प्रथम, निवेश प्रथम’ की नीति ने उत्तर प्रदेश को वैश्विक निवेश मानचित्र पर मजबूत पहचान दिलाई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से प्रदेश को अब तक 45 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनमें से 15 लाख करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट जमीन पर उतर चुके हैं, जबकि पांच लाख करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्ताव शीघ्र क्रियान्वयन की प्रक्रिया में हैं। इससे बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन और आर्थिक मजबूती को नई गति मिली है।उन्होंने कहा कि मजबूत कानून व्यवस्था, सिक्सलेन-फोरलेन सड़कों का विस्तृत नेटवर्क, देश का सबसे बड़ा रेल नेटवर्क और उत्कृष्ट कनेक्टिविटी यूपी को निवेशकों की पहली पसंद बना रही है। आज देश के कुल एक्सप्रेसवे का 55 प्रतिशत हिस्सा उत्तर प्रदेश में है। सबसे अधिक शहरों में मेट्रो संचालन, दिल्ली-मेरठ रैपिड रेल और जेवर में बन रहा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा प्रदेश की आधुनिक पहचान बन चुके हैं, जो यात्री और कार्गो परिवहन का बड़ा केंद्र साबित होंगे।
मुख्यमंत्री ने निवेश प्रक्रिया को पूरी तरह तकनीक आधारित बताते हुए कहा कि 118 उद्यमी मित्र निवेशकों को हर स्तर पर सहयोग प्रदान कर रहे हैं। इंसेंटिव का वितरण समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने सभी विकास प्राधिकरणों को निर्देश दिए कि निवेश से जुड़े कार्य तेज, पारदर्शी और तय समयसीमा में पूरे हों। साथ ही उद्योगों की जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षित मैनपावर तैयार करने पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम में मौजूद निवेशकों ने उत्तर प्रदेश सरकार और विकास प्राधिकरणों की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि अन्य राज्यों की तुलना में यूपी में विकास कार्य सबसे तेज गति से हो रहे हैं और निवेशकों को हर स्तर पर सहयोग मिल रहा है।
इन संस्थाओं को मिला भूमि आवंटन:
इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड (एचसीएल-फॉक्सकॉम का संयुक्त उपक्रम) को 48 एकड़ भूमि आवंटित की गई। यहां 3706.15 करोड़ रुपये के निवेश से सेमीकंडक्टर चिप का उत्पादन होगा।
एसेंट सर्किट प्राइवेट लिमिटेड को 16 एकड़ भूमि दी गई है, जहां 3250 करोड़ रुपये के निवेश से फ्लेक्सिबल पीसीबी और सेमीकंडक्टर सब्सट्रेट्स का निर्माण किया जाएगा।
अंबर इंटरप्राइजेज इंडिया लिमिटेड को 100 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। इस परियोजना में 3532 करोड़ रुपये के निवेश से 1500 से अधिक युवाओं को रोजगार मिलेगा।
बोधिसत्व चैरिटेबल ट्रस्ट को 20.50 एकड़ भूमि दी गई है, जहां 532.18 करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक मेडिकल कॉलेज स्थापित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब सिर्फ संभावनाओं का प्रदेश नहीं, बल्कि निवेश, नवाचार और रोजगार का मजबूत केंद्र बन चुका है और आने वाले वर्षों में यह देश की आर्थिक वृद्धि का इंजन साबित होगा।










