बदायूँ ,जिले के बिसौली की काशीराम कालोनी में रहकर मजदूरी करने वाले बरेली के युवक ने कर्जे के बोझ के चलते खुदकुशी कर ली। पुलिस ने युवक के शव को पीएम के लिए जिला मुख्यालय भेजा है। बीती 3 जुलाई को भी काशीराम कालोनी में ही एक युवक ने पत्नी के बिछोह में खुदकुशी की थी।

बरेली के शांतिविहार मणिनाथ निवासी हिमांशु सक्सेना पुत्र रामबाबू काफी दिनों से अपनी पत्नी हिमांगी व एक साल के मासूम पुत्र के साथ काशीराम कालोनी के ब्लाक 13 स्थित आवास में रह रहा था। हिमांशु मेहनत मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण कर रहा था। मंगलवार की दोपहर लगभग 12 बजे वर्षा के दौरान पत्नी अपने बच्चे को लेकर बाहर आ गई। इसी दौरान युवक ने कमरे में कुंदे में फंदा डालकर आत्महत्या कर ली। पत्नी जब अंदर पहुंची तो कमरे का नजारा देख बदहवास होकर चीखने लगी। शोरगुल सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंच गए। किसी ने 112 डायल कर पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने युवक के शव को नीचे उतारा। बताते हैं कि युवक ने बीते दिनों समूह के जरिए लगभग 28 हजार रूपए ले लिए थे। समूह एडमिन उक्त धनराशि को वापस करने के लिए दबाव बना रहा था। कर्जे के बोझ तले युवक ने अवसाद में आकर मंगलवार को अपनी इहलीला खत्म करने की ठान ली। पति की मौत के बाद बेवा हिमांगी सदमे में है। उसके सामने अब मासूम की परवरिश की पहाड़ जैसी चिंता है। यहां बताते चलें कि बीती 3 जुलाई को इसी के ब्लाक 33 निवासी सुमन पुत्र प्रेमराज ने पत्नी के विछोह में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।









