
हाइवे के किनारे खड़े ट्रक व अतिक्रमण बनते है दुर्घटना का कारण
ऊंचाहार रायबरेली
ऊचाहार तहसील क्षेत्र में कस्बा से लेकर चौराहों तक में अतिक्रमण की समस्या दिनों दिन बढ़ती जा रही है। सड़क के किनारे अतिक्रमण कर अवैध कब्जा जमाए बैठे रेड़ी पटरी दुकानदार व राष्ट्रीय मार्गों पर सड़कों को घेरे हुए ट्रकों की लंबी लाइनें लगी रहती है। ऐसे में घने कोहरे के बीच सड़कों के किनारे खड़े वाहन राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। जिम्मेदार अधिकारी लापरवाह बने हुए हैं।
ठंड के मौसम में सुबह से शाम तक कोहरे और धुंध का कहर चल रहा है। ऐसे में दृश्यता भी काफी कम हो जाती है। राहगीरों को सामने से आ रहे वाहन दिखाई नहीं देते। ऐसे में लखनऊ प्रयागराज राष्ट्रीय मार्ग पर ढाबों के सामने चालक ट्रकें लगाकर नाश्ता पानी करने चले जाते हैं। वही सड़कों के किनारे खड़े वाहन दुर्घटनाओं का सबब बन रहे हैं। यही नहीं कस्बा स्थित खरौली रोड सड़क किनारे लगी दुकानें जिनसे आवागमन राहगीरों को काफी समस्या का सामना करना पड़ता है तो वही थाने रोड पर कई महीनों से दुर्घटनाओं में सीज डंपर व ट्रक खड़ी है। जिसकी वजह से राहगीरों को आवागमन में समस्या होती है। जबकि पूर्व में हाइवे पर रेलवे क्रासिंग के बंद होने से अत्यधिक वाहनो का थाने रोड से गुजरना अधिक हो गया है। फिर भी प्रशासन लापरवाह बना बैठा है। कस्बा के पूर्व चेयरमैन प्रमोद गुप्ता, जय कृष्ण जायसवाल, अजय कुमार, ओम प्रकाश साहू समेत तमाम कस्बा निवासियों ने सड़क पर खड़े इन वाहनों को हटाए जाने की गुजारिश की थी। एक बार प्रयास कर कोतवाल भी शांत होकर बैठ गए। जिससे लोगों की जान का खतरा बना हुआ है। एसडीएम आशीष कुमार मिश्र ने बताया कि ढाबा के सामने सड़क पर वाहन खड़ा करने के निर्देश नहीं है। कोतवाली के सामने खड़े वाहनों को जल्द ही क्रेन से हटवा कर अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।










