लोहे की रॉड से जानलेवा हमला करने का आरोपी गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त रॉड बरामद।
तिलहर/शाहजहांपुर। थाना तिलहर पुलिस ने अपराध एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 9 अगस्त 2026 को एक व्यक्ति ने थाना तिलहर में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि आरोपी ने उसके भाई के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और लोहे की रॉड से सिर पर कई बार वार कर दिया। हमले में उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया था। मामले में थाना तिलहर पर मु0अ0सं0 424/26 के तहत धारा 109(1), 351(2) व 352 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले में वांछित चल रहे आरोपी रजत पुत्र प्रमोद (28 वर्ष) निवासी मोहल्ला सिटी सब्जी मंडी, बिहारीपुर, थाना कोतवाली, जनपद बरेली को पुलिस ने मंगलवार 11 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर खानपुर चौराहे के पास से सुबह 9:50 बजे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक लोहे की रॉड बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रिंस शर्मा, उपनिरीक्षक सौरभ शुक्ला, हेड कांस्टेबल विजय प्रताप तथा रिजर्व कांस्टेबल अमित ढाका शामिल रहे।






