राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का शुभारंभ, 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों को खिलाई जाएगी एल्बेंडाजॉल की दवा।
शाहजहांपुर, 11 अगस्त 2026। राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार को जनपद में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान का शुभारंभ किया गया। शहर के डॉ. सुदामा प्रसाद बाल विद्या मंदिर कन्या इंटर कॉलेज में महापौर श्रीमती अर्चना वर्मा, जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा ने फीता काटकर तथा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
अभियान की शुरुआत मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने स्वयं एल्बेंडाजॉल की दवा खाकर की। इसके बाद महापौर और जिलाधिकारी ने बच्चों को दवा खिलाकर अभियान का शुभारंभ किया।
महापौर श्रीमती अर्चना वर्मा ने कहा कि स्वस्थ बच्चे ही देश के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं। कृमि संक्रमण से बच्चों में कमजोरी, थकान, भूख में कमी और कुपोषण जैसी समस्याएं हो सकती हैं, जिसका असर उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ पढ़ाई पर भी पड़ता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को निर्धारित आयु के अनुसार कृमिनाशक दवा जरूर खिलाएं और अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने सोशल मीडिया एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के सकारात्मक उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस और एल्बेंडाजॉल की दवा के संबंध में सही जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जाए। उन्होंने बताया कि पेट के कीड़े बच्चों और किशोरों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालते हैं तथा एनीमिया और कुपोषण का एक प्रमुख कारण बन सकते हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा ने बताया कि जनपद में 1 से 19 वर्ष तक की आयु के लगभग 16.88 लाख बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को एल्बेंडाजॉल की दवा खिलाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि 1 से 2 वर्ष तक के बच्चों को 200 मिलीग्राम (आधी गोली) तथा 2 से 19 वर्ष तक के बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को 400 मिलीग्राम (पूरी गोली) दी जाएगी। छोटे बच्चों को गोली पीसकर, जबकि बड़े बच्चों और किशोर-किशोरियों को गोली चबाकर खिलाई जाएगी।
सीएमओ ने बताया कि एल्बेंडाजॉल की दवा खाली पेट नहीं खिलाई जानी चाहिए। बीमार बच्चों को भी दवा न खिलाने की सलाह दी गई है। उन्होंने बताया कि 11 अगस्त को किसी कारणवश दवा से वंचित रह गए बच्चों को 14 अगस्त को मॉप-अप दिवस के अवसर पर दवा खिलाई जाएगी। सरकारी एवं सहायता प्राप्त/निजी विद्यालयों, मदरसों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को एल्बेंडाजॉल की गोली निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। विद्यालय न जाने वाले बच्चों को नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्र पर दवा खिलाई जाएगी।
कार्यक्रम में आरबीएसके नोडल डॉ. जफर, डीएचईआईओ अफरोज अहमद, संतोष कुमार, कॉलेज प्रबंधक राजेश शर्मा, प्रधानाचार्य श्रीमती राखी मिश्रा सहित विद्यालय का स्टाफ एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।






