सूक्ष्म सिंचाई से किसानों को मिलेगा पानी की बचत और उत्पादन बढ़ाने का लाभ।
शाहजहांपुर। उद्यान विभाग की ओर से प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत संचालित ‘पर ड्रॉप मोर क्रॉप’ योजना के अंतर्गत गुरुवार को कृषि विज्ञान केंद्र नियामतपुर में 100 किसानों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला उद्यान अधिकारी पुनीत कुमार पाठक ने किसानों को सूक्ष्म सिंचाई पद्धति के फायदे और योजना के तहत मिलने वाले अनुदान की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि गन्ना, गेहूं और आधुनिक फसलों में ड्रिप व मिनी स्प्रिंकलर लगाने पर लघु-सीमांत किसान, महिलाओं तथा अनुसूचित जाति-जनजाति के किसानों को 90 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाता है। अन्य श्रेणी के किसानों को 80 प्रतिशत तथा रेनगन और पोर्टेबल स्प्रिंकलर पर 65 से 75 प्रतिशत तक अनुदान का प्रावधान है। योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को संबंधित पोर्टल पर पंजीकरण कराना आवश्यक है।
प्रशिक्षण के दौरान किसानों को सूक्ष्म सिंचाई संयंत्रों के संचालन, रखरखाव, फर्टीगेशन, जैविक खेती, उर्वरक एवं जैव रसायनों के उचित प्रयोग तथा फसलों में एकीकृत रोग प्रबंधन की जानकारी दी गई। मंडी विभाग की ओर से आधुनिक फसलों के उत्पादन और विपणन संबंधी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया गया कि निर्यात के लिए एपीडा हॉर्टनेट पर पंजीकरण अनिवार्य है।





