
CRS AGENCY। चीन के एक हैकिंग समूह द्वारा पश्चिमी यूरोप में सरकारी एजेंसियों के ईमेल अकाउंट में सेंधमारी किए जाने का दावा माइक्रोसॉफ्ट की एक रिपोर्ट में किया जा रहा है। दुष्प्रचार करार देते हुए बीजिंग ने कहा है कि इस आरोप का मकसद अमेरिका की साइबर गतिविधियों से ध्यान भटकाना है। मंगलवार को प्रकाशित एक ब्लॉग पोस्ट में माइक्रोसॉफ्ट ने कहा कि स्टॉर्म-0558 नाम से पहचाना गया यह समूह जासूसी और डेटा चोरी जैसे कृत्यों की फिराक में रहता है। समूह ने ईमेल अकाउंट में सेंध लगा कर सरकारी एजेंसियों और इन संगठनों से जुड़े लोगों के अकाउंट सहित करीब 25 संगठनों को प्रभावित किया है। सुरक्षा मामलों पर माइक्रोसॉफ्ट के कार्यकारी उप प्रमुख चार्ली बेल ने कहा, ‘हमने यह पाया कि यह समूह खुफिया सूचना जुटाने के लिए ईमेल में सेंध लगाता है।’ ‘अमेरिकी सरकार से जुड़े ईमेल अकाउंट में सेंध लगाई।
वाशिंगटन पोस्ट की एक रिपोर्ट में अमेरिकी अधिकारियों के एक बयान का उल्लेख किया गया है, जिसमें दावा किया गया है कि स्टॉर्म-0588 ने अमेरिकी सरकार से जुड़े ईमेल अकाउंट में भी सेंध लगाई है। इस बीच, चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता वांग वेनबिन ने कहा कि आरोप दुष्प्रचार है, जिसका लक्ष्य चीन पर अमेरिकी साइबर हमले से ध्यान भटकाना है। उन्होंने नियमित प्रेस वार्ता में कहा, ‘यह मायने नहीं रखता कि किस एजेंसी ने यह सूचना जारी की, यह इस तथ्य को कभी नहीं बदलेगा कि अमेरिका विश्व का सबसे बड़ा हैकर है जो सर्वाधिक संख्या में साइबर सेंधमारी कर रहा। वेनबिन ने कहा, ‘पिछले साल से, चीन और अन्य देशों के साइबर सुरक्षा संगठनों ने कई रिपोर्ट जारी कर अमेरिकी सरकार द्वारा लंबे समय तक साइबर हमले किये जाने का खुलासा किया है, लेकिन अमेरिका ने अब तक जवाब नहीं दिया है।’








