
मंझलेपुर हाल्ट रेलवे स्टेशन पर बुनियादी सुविधाओं का अभाव, यात्रियों को हो रही भारी परेशानी
रायबरेली जनपद के ऊंचाहार-उन्नाव रेल मार्ग पर स्थित मंझलेपुर हाल्ट रेलवे स्टेशन पर मूलभूत सुविधाओं के अभाव के कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्टेशन पर बिजली, पानी, प्रकाश और टिकट व्यवस्था जैसी आवश्यक सुविधाएं पूरी तरह लापरवाह हाल में हैं, जिससे रोजाना यात्रा करने वाले सैकड़ों यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
स्टेशन पर झाड़-झंखाड़ और अंधेरे के कारण रात में यात्री असुरक्षित महसूस करते हैं। खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। टिकट वितरण की जिम्मेदारी निजी ठेकेदार के पास है, लेकिन उसकी लापरवाही के चलते नियमित यात्रियों को बेटिकट यात्रा करने को मजबूर होना पड़ रहा है, जो उन्हें जुर्माने के जोखिम में डालता है।
मंझलेपुर हाल्ट स्टेशन से प्रतिदिन कानपुर, लखनऊ और प्रयागराज संगम तक यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या सैकड़ों में है। ये यात्री आसपास के धूता, सुदामापुर, कजियाना, मनिहर, मकदुमपुर, खजुरी, कटरा और नसीरनपुर जैसे गांवों से आते हैं।
प्रयागराज संगम-अनवरगंज पैसेंजर और रायबरेली-ऊंचाहार-कानपुर पैसेंजर जैसी प्रमुख ट्रेनें इस स्टेशन पर रुकती हैं, लेकिन स्टेशन पर टिकट काउंटर, लाइट और पीने के पानी जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं का अभाव साफ तौर पर देखा जा सकता है।
यात्रियों कालिका प्रसाद यादव, धर्मेन्द्र कुमार यादव, जगदेव, वंदना मिश्रा, शशी, हनुमान, महेंद्र मिश्रा, संत प्रसाद पाण्डेय आदि ने बताया कि रेलवे प्रशासन को कई बार शिकायतें की गई हैं, लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई।
जब इस संबंध में स्टेशन मास्टर जलालपुर धई (जहां से मंझलेपुर हाल्ट का संचालन होता है) मुकेश कुमार से संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उनका सीयूजी नंबर बंद मिला, जिससे यात्रियों की नाराजगी और बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों और यात्रियों ने रेल प्रशासन से मांग की है कि मंझलेपुर हाल्ट स्टेशन पर जल्द से जल्द बिजली, पानी, प्रकाश और टिकट वितरण की समुचित व्यवस्था की जाए, जिससे लोगों की यात्रा सुरक्षित और सुविधाजनक हो सके








