
CRS NEWS: लखनऊ, राज्य स्तरीय विवेकानंद युवा पुरस्कार के लिए चयनित होने के बावजूद अंतिम समय में नाम हटाए जाने से आहत लखनऊ निवासी श्री अवधेश कुमार साहू ने सोमवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव से मुलाकात कर अपनी पीड़ा साझा की।
श्री साहू को राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर सम्मानित किया जाना था और इसके लिए उन्हें समारोह में आमंत्रण भी भेजा गया था। हालांकि, ऐन वक्त पर कथित ऊपरी दबाव के चलते पुरस्कार सूची में बदलाव कर उनका नाम हटा दिया गया, जिससे उन्हें सम्मान से वंचित कर दिया गया।
श्री अखिलेश यादव ने श्री साहू की आपबीती सुनते हुए न केवल इस अन्याय की कड़ी निंदा की, बल्कि उन्हें 51,000 रुपये की धनराशि प्रदान कर सम्मानित भी किया। उन्होंने कहा कि पुरस्कार सूची में इस तरह की हेराफेरी युवाओं के मनोबल को तोड़ने का प्रयास है, जिसे समाजवादी पार्टी कभी स्वीकार नहीं करेगी।
उन्होंने दोहराया कि समाजवादी पार्टी युवाओं के सम्मान, आत्मसम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करती रहेगी। इस अवसर पर इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्र संघ अध्यक्ष श्री अवनीश यादव सहित विशाल कुमार गुप्ता, राम प्रकाश मौर्य, सुधीर यादव, सूरज एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।










