
CRS NEWS रायबरेली गुरुवार सुबह एक बड़ी रेल दुर्घटना उस समय टल गई जब लखनऊ से वाराणसी जा रही गाड़ी संख्या 14204 इंटरसिटी एक्सप्रेस रुपामऊं रेलवे स्टेशन के पास हादसे का शिकार होते-होते बच गई। यह घटना सुबह करीब 8:30 बजे स्टेशन से प्रतापगढ़ रेलमार्ग पर स्थित रेलवे गेट संख्या 143 के समीप किलोमीटर संख्या 987/38 व 987/36 के बीच हुई।
बताया जा रहा है कि रेलवे ट्रैक पर पड़ी एक साइकिल इंजन की चपेट में आ गई, जो इंजन के पहिए में फंस गई। साइकिल के फंसने से इंजन के पहिए का क्रॉस आगे हो गया, जिससे ट्रेन के डिरेल होने की आशंका बन गई। हालांकि, लोको पायलट की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। स्थिति को भांपते हुए लोको पायलट ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया।
ट्रेन के अचानक रुकने से यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
सूचना मिलते ही रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग और सुरक्षा कर्मियों की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने काफी मशक्कत के बाद इंजन के पहिए में फंसी साइकिल को बाहर निकाला और ट्रैक व इंजन की तकनीकी जांच की। जांच के बाद ट्रैक को सुरक्षित घोषित किया गया, जिसके बाद इंटरसिटी एक्सप्रेस को आगे के लिए रवाना कर दिया गया। घटना के चलते कुछ समय के लिए रेल यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर लिया गया।इस संबंध में क्षेत्रीय रेलपथ निरीक्षक एच.एल. मीना ने बताया कि यह जांच की जा रही है कि साइकिल रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंची। वहीं, आरपीएफ पोस्ट प्रभारी ए.के. सिंह ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। साइकिल को कब्जे में लेकर घटनास्थल के आसपास सक्रिय मोबाइल नंबरों की जांच की जा रही है, साथ ही स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि रेलवे ट्रैक के आसपास सावधानी बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत रेलवे या सुरक्षा एजेंसियों को दें।









