
CRS NEWS रायबरेली: रायबरेली। जिले के ऊंचाहार क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए पुलिस प्रशासन ने ठोस कदम उठाए हैं। प्रतापगढ़ और फतेहपुर जनपद की सीमाओं से सटे होने के कारण यह इलाका मादक पदार्थों की तस्करी, जुआ, चोरी, लूट और अराजकता का केंद्र बनता जा रहा था। हाल ही में फतेहपुर निवासी हरिओम की हत्या जैसी गंभीर घटनाओं के बाद पुलिस अधीक्षक ने चार प्रमुख स्थानों पर पिंक बूथ और पुलिस चौकियां स्थापित करने के निर्देश दिए हैं।
बताया गया कि प्रतापगढ़ सीमा स्थित सबीसपुर, फतेहपुर सीमा पर खरौली गंगा पुल (पूरे तीर खरौली घाट), जमुनापुर और चंड़रई चौराहे के पास पिंक बूथ व पुलिस चौकियां बनाई जाएंगी। इनमें जमुनापुर चौराहे पर पिंक बूथ बनकर तैयार हो चुका है, जिसका शीघ्र ही शुभारंभ किया जाएगा। वहीं सबीसपुर और चंड़रई में पुलिस चौकियों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। फतेहपुर जनपद की सीमा पर स्थित पूरे तीर खरौली घाट के पास भी जल्द निर्माण शुरू होगा।
क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति के कारण यहां बाहरी जनपदों से बदमाशों की घुसपैठ लंबे समय से होती रही है। खरौली गंगा नदी पर पक्का पुल बनने के बाद फतेहपुर, बांदा और कौशांबी जैसे जनपदों से अपराधियों का आना-जाना बढ़ा, जिससे चोरी, लूट और स्नैचिंग की घटनाएं सामने आती रहीं। जमुनापुर चौराहे पर पुलिस चौकी न होने से शाम ढलते ही शराबियों और अराजक तत्वों का जमावड़ा लग जाता था, जिसका खामियाजा एक अक्टूबर की रात हरिओम की निर्मम हत्या के रूप में सामने आया।स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को संज्ञान में लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने इन चारों स्थानों पर पिंक बूथ व पुलिस चौकियां स्थापित करने के निर्देश दिए। कोतवाल अजय कुमार राय ने बताया कि चंड़रई चौराहा और सबीसपुर स्थित जिले की सीमा पर पुलिस चौकियां बनवाई जा रही हैं। जमुनापुर चौराहे पर पिंक बूथ तैयार है, जबकि पूरे तीर खरौली घाट के पास भी जल्द निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
पुलिस प्रशासन का मानना है कि इन पिंक बूथ और चौकियों के संचालन से क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण लगेगा और आमजन को भयमुक्त वातावरण मिलेगा।








