
न्यू स्टैंडर्ड पब्लिक स्कूल में शिक्षा अधिनियम बाल संसद द्वारा छात्र परिषद का गठन किया गया
सलोन रायबरेली
आज न्यू स्टैंडर्ड पब्लिक स्कूल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सलोन रायबरेली में शिक्षा अधिनियम सन 1998 के आलोक में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड नई दिल्ली के निर्देश का परिपालन करते हुए ‘बाल-संसद’ द्वारा ‘छात्र- परिषद’ का गठन किया गया। चयनित पदाधिकारियों को विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती कामाक्षा सिंह द्वारा पद एवं कर्तव्य निष्ठा की शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण समारोह के इस अवसर पर प्रधानाचार्या जी ने विद्यार्थियों को विशेष रुप से काउंसिल के पदाधिकारी छात्रों को उनके दायित्वों का बोध कराते हुए कहा कि आज के जमाने में बिना किसी पक्षधरता के अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना एक बड़ी चुनौती है। हमारी सामाजिक संरचना लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित है।जन-आकांक्षाओं का आदर,उनकी पूर्ति साथ ही सामाजिक समरसता बनाए रखते हुए राष्ट्रीय एकता के भाव को मजबूती प्रदान करना सबसे बड़ा नागरिक कर्तव्य है। आने वाली पीढ़ी इसके योग्य बने इसी कामना के साथ छात्र परिषद का गठन किया जा रहा है आशा है, कि सभी चयनित पदाधिकारी अपने कार्य व्यवहार से एक मिसाल कायम करेंगे और सभी विद्यार्थियों के लिए रोल मॉडल बनेंगे। अनुशासन जीवन का महत्वपूर्ण अंग है , इसके बिना एक सफल जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। अच्छी शिक्षा विद्यार्थियों में सारे सद्गुण प्रादुर्भूत करती है इसलिए किसी भी दशा में पढ़ाई का कार्य शिथिल किए बिना सारे कार्य करने हैं। अपने वक्तव्य का समापन करते हुए प्रधानाचार्या जी ने कहा कि इस पहल से विद्यार्थियों को एक मूल्यवान अवसर प्राप्त होगा साथ ही शिक्षक, अभिभावक और स्कूल प्रबंधन के बीच एक साझेदारी विकसित होगी जिससे विद्यालय के शैक्षिक स्तर का उन्नयन होगा।
नवगठित छात्र परिषद में शामिल पदाधिकारियों में हेड बॉय -आदित्य सिंह ,हेड गर्ल- मानसी गुप्ता, अनुशासन मंत्री- अंशुमान पांडे, खेल मंत्री -अंशुमान सिंह, परिवहन मंत्री -भगत सिंह, सांस्कृतिक मंत्री- आराध्या सिंह और शिक्षा मंत्री -प्रखर मौर्य चुने गए। शपथ ग्रहण समारोह कार्यक्रम को अपने कुशल संचालन द्वारा श्री संचित गुप्ता ने गति प्रदान की।










