
जिला कारागार में सर्राफा व्यवसायी की हुई मौत
चोरी का सामान खरीदने के आरोप में गया था जेल
रायबरेली। जिला कारागार में निरुद्ध शहर के सर्राफा व्यवसायी की मौत हो गई है। उसको गंभीर अवस्था में मंगलवार की शाम को जिला अस्पताल ने भर्ती कराया गया था। पिछले दिनों पुलिस और एसओजी ने चोरों के बड़े गिरोह का खुलासा किया था। जिसमे शहर के गुलाब ज्वैलर्स के मालिक गुलाब सिंह को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया था। गुलाब पर चोरी के आभूषण खरीदने का आरोप था। पुलिस ने चोरों के गिरोह के साथ गुलाब को भी जेल भेजा था। बताते हैं कि जिला कारागार में उसकी तबियत कई दिनों से खराब चल रही थी। जिसके कारण उसको कारागार अस्पताल में रखा गया था। जहां पर मंगलवार की शाम को उसकी तबियत ज्यादा गंभीर हो गई। उसके बाद उसको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जब उसको जिला अस्पताल लाया गया था तो वह अचेत था और उसको झटके आ रहे थे। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई है। सीएमएस डा नीता साहू ने बताया कि कैदी को गंभीर अवस्था में लाया गया था। जिला कारागार में निरुद्ध कैदी की मौत के बाद कारागार प्रशासन पर कई सवाल खड़े हो गए है। मंगलवार को शासन के निर्देश पर जिला कारागार में एक चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया था। जिसमें एम्स के कई दक्ष चिकित्सकों ने पांच सौ कैदियों का स्वास्थ परिक्षण किया था । यहां पर सवाल यह है कि जब कैदी गुलाब की तबियत खराब थी तो उसे अच्छे चिकित्सकों को दिखाकर परामर्श क्यों नहीं लिया गया।









