
*थाना गदागंज के जलालपुर धई में पानी का संकट! एक हफ्ते से जलापूर्ति ठप, 8000 की आबादी बूंद-बूंद को तरसी, जल निगम के खिलाफ ग्रामीणों का फूटा गुस्सा*
गदागंज (रायबरेली)।
जलालपुर धई ग्राम सभा के 8000 से अधिक ग्रामीणों को एक सप्ताह से पीने का पानी नसीब नहीं हो रहा है। राष्ट्रीय एकल ग्रामीण पेयजल योजना के अंतर्गत बनी पानी टंकी पिछले सात दिनों से खराब पड़ी है, जिससे क्षेत्र के करीब 700 कनेक्शनधारी घरों की जलापूर्ति पूरी तरह से बंद हो चुकी है।
पानी जैसी बुनियादी आवश्यकता के लिए ग्रामीण दर-दर भटक रहे हैं। महिलाएं और बच्चे इंडिया मार्का हैंडपंपों पर घंटों लाइन में लगे दिखाई देते हैं, जहां एक नल से 20-20 घर पानी भरने को मजबूर हैं। कई ग्रामीण पानी ढोने के लिए ठेले और साइकिलों का सहारा ले रहे हैं, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
शुक्रवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। पानी टंकी परिसर पर अशोक मालवी, शिवम मालवीय, रफीक कुरैशी, अमन श्रीवास्तव, उमेश मोदनवाल, नंगू पासी, सुशील सहित दर्जनों ग्रामीणों ने जल निगम और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायतों के बावजूद कोई भी अधिकारी या कर्मचारी सुनवाई नहीं कर रहा है।
ग्राम प्रधान ऋषि प्रसाद ने बताया कि पानी टंकी का इलेक्ट्रिक स्टार्टर खराब हो गया है जिसे जल्द ही मरम्मत कराया जाएगा। लेकिन सवाल यह है कि आखिर इतनी बड़ी संख्या में लोगों को पानी जैसी जीवन रक्षक सेवा से क्यों वंचित किया जा रहा है?
प्रशासन और जल निगम की लापरवाही अब बर्दाश्त के बाहर है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर पानी आपूर्ति बहाल नहीं की गई, तो वे सामूहिक आंदोलन करेंगे और जल निगम कार्यालय का घेराव करेंगे।
अभी वक्त है कि प्रशासन नींद से जागे और तत्काल इस गंभीर समस्या का समाधान करे। जनता की पीड़ा को नजरअंदाज करना अब भारी पड़ सकता है।










