
*गदागंज के सूबेदार गांव में कीचड़ भरे रास्ते से ग्रामीणों का फूटा आक्रोश, नाली और खड़ंजा निर्माण की उठी मांग*
गदागंज (रायबरेली)।
पूरे सूबेदार मजरे धूता गांव में जलभराव और कीचड़ से युक्त रास्तों से परेशान ग्रामीणों का आक्रोश अब फूट पड़ा है। गांव में नाली की व्यवस्था न होने के कारण गंदा पानी मुख्य मार्ग पर जमा हो जाता है, जिससे रास्ता कीचड़ और कचरे से लबालब भर जाता है। ग्रामीणों के अनुसार यह स्थिति बरसात में और भी गंभीर हो जाती है।
गांव निवासी पवन गुप्ता, संदीप गुप्ता, मनोज यादव, राजेंद्र मौर्य, सुरेश, बीडीसी सत्रोहन, मान बहादुर सिंह, उदयभान सिंह, गुलाबचंद, विनोद पंडित और बाबू महेश ने बताया कि रास्ते की बदहाली के कारण ग्रामीणों के साथ ही स्कूल जाने वाले बच्चों को रोज़ाना बड़ी परेशानी होती है। फिसलन भरे रास्तों के कारण लोग घायल हो जाते हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि कई बार उच्च अधिकारियों को शिकायत दी गई है, लेकिन गंगा कटरी क्षेत्र का यह गांव अब तक प्रशासनिक उपेक्षा का शिकार बना हुआ है।
जब इस मुद्दे पर ग्राम प्रधान बलराम यादव से बात की गई तो उन्होंने बताया कि नाली और खड़ंजा निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। जैसे ही बजट स्वीकृत होगा, कार्य शुरू कराया जाएगा।
ग्रामीणों की मांग है कि प्रशासन जल्द से जल्द इस मामले का संज्ञान ले और स्थायी समाधान सुनिश्चित करे, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।










